नक्सल गतिविधि और नशाखोरी के खिलाफ SSP ने संभाला मोर्चा, ग्रामीणों से मांगा सहयोग
बाटालुका गांव में जागरूकता अभियान चलते एसएसपी व अन्य. | Prabhat Khabar Network
पटमदा के नक्सल प्रभावित बाटालुका गांव में एसएसपी ने नक्सलवाद, नशाखोरी और अंधविश्वास के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया.
पटमदा. पटमदा के नक्सल प्रभावित बाटालुका गांव में जिला के एसएसपी डॉ. एहतेशाम बकारिब ने नक्सली गतिविधि, डायन प्रथा, साइबर अपराध, बैंकिंग फ्रॉड, नशाखोरी व अंधविश्वास के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चलाया. एसएसपी ने पुलिस व ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा व विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विशेष रूप से यह अभियान चलाया.
आपके शहर में
अभियान के दौरान एसएसपी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि नशाखोरी, डायन प्रथा, अंधविश्वास व जंगल क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों के प्रति सजग रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. पुलिस व जनता के बीच आपसी विश्वास व सहयोग मजबूत होने से क्षेत्र में अपराध व असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है. स्कूल के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया गया. इस दौरान ग्रामीणों ने जर्जर सड़कों, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, मोबाइल टावर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एसएसपी के समक्ष प्रमुखता से रखीं.
उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को संबंधित विभागीय स्तर पर रखा जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार उच्चस्तरीय बैठक कर समाधान किया जाएगा. मौके पर ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेवाल, पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, पटमदा थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोक्ता, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, ग्राम प्रधान खगेंद्रनाथ सिंह, विश्वनाथ महतो व युधिष्ठिर महतो आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए