सेवानिवृत्त फौजी के बंद मकान से गहने समेत 30 लाख की चोरी, पंखे और मोटर तक खोलकर ले गये चोर
सूचना पर पहुंची पुलिस औक लगी भीड़.
जमशेदपुर के बागबेड़ा में एक सेवानिवृत्त आर्मी जवान के घर में अज्ञात अपराधियों ने धावा बोल दिया. छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के गहने, कीमती सामान, पंखे और मोटर तक चुरा लिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत बागबेड़ा कॉलोनी पानी टंकी के समीप (रोड नंबर-1, ब्लॉक नंबर 14/2/2) अज्ञात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक सेवानिवृत्त आर्मी जवान के बंद मकान को अपना निशाना बनाया. चोर घर की छत के रास्ते कमरे में घुसे और लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने समेत घर के तमाम कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया. चोरों ने घर के दरवाजा को अंदर से बंद कर दिया था.
रांची के एक अस्पताल में भर्ती हैं सेवानिवृत्त फौजी
मिली जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त फौजी श्रवण कुमार पिछले छह महीने से गंभीर बीमारी के कारण रांची के अस्पताल में भर्ती थे. घर में ताला बंद था. मंगलवार को जब श्रवण कुमार अपने बेटे सत्यम के साथ इलाज कराकर घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया. इसके बाद लोगों की मदद से जब दरवाजा खोला, तो उनके होश उड़ गये. दो मंजिला मकान की छत के पिछले हिस्से में लगी लोहे की ग्रिल की कुंडी टूटी हुई थी.
छत के रास्ते से घर के भीतर हुए थे दाखिल
चोर छत के रास्ते ही घर के भीतर दाखिल हुये थे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 30 लाख के गहने गायब कर दिये थे. इसके अलावा घर में लगे इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग पंखे और पानी खींचने वाला मोटर तक खोलकर ले गये. श्रवण कुमार ने बताया - पिछले छह माह से रांची में उनका इलाज चल रहा था. 20 दिन पूर्व बेटा घर आया तो दरवाजा अंदर से बंद पाया. लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला और वापस लौट गया था. चोर पीछे के रास्ते से घर की छत पर पहुंचे और धीरे-धीरे सारा सामान ले गये.
पुलिस जांच में जुटी, जुटाये जा रहे साक्ष्य
चोरी की सूचना मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा और वार्ड सदस्य उमेश पांडे मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर को मामले से अवगत कराया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गयी है
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए