खतरे के निशान को पार कर रही नदियां, कब थमेगी मूसलाधार बारिश? 4 सितंबर तक अलर्ट
सांकेतिक तस्वीर
जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. खरकई और स्वर्णरेखा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
जमशेदपुर: जमशेदपुर में आज यानी मंगलवार को बारिश का दौर जारी रहेगा. सुबह से ही मौसम बादलों से घिरा है और दिन में रुक-रुक कर बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार, गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना 4 सितंबर तक बनी रहेगी.लगातार बारिश को देखते हुए शहर और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
आपके शहर में
पिछले 24 घंटे में भी जमशेदपुर में 39 मिमी बारिश दर्ज की गयी है. सोमवार को कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी. शहर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है.
खरकई खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर
लगातार बारिश के बीच जमशेदपुर की दोनों प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. आदित्यपुर स्थित बाढ़ नियंत्रण केंद्र की सुबह 6 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, खरकई नदी खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है.
आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का खतरे का निशान 129.00 मीटर है, जबकि पानी का स्तर 131.07 मीटर पहुंच गया है. यानी नदी खतरे के निशान से दो मीटर से भी ज्यादा ऊपर बह रही है.
स्वर्णरेखा भी खतरे के बेहद करीब
मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है. यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है, जबकि पानी का स्तर 121.34 मीटर दर्ज किया गया है. यानी स्वर्णरेखा नदी खतरे के निशान से महज 0.16 मीटर नीचे है.
दोनों नदियों में पानी लगातार बढ़ने से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है. करीब 27 मिमी से अधिक बारिश दर्ज होने के बाद नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. प्रशासन भी पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है.
4 सितंबर तक बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जमशेदपुर में बारिश का दौर बना रह सकता है. 4 सितंबर तक गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी है. ऐसे में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को मौसम और नदी के पानी की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए