जमशेदपुर का हाइवे होगा सुरक्षित, लॉन्ग ड्राइव का मजा भी मिलेगा, यह हुई है प्रशासनिक तैयारी

Updated:
विज्ञापन

जिला हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक के दौरान निर्देश देते डीसी.

जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर जिला हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक हुई. उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की गई.

विज्ञापन

जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक हुई. इसमें राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आम लोगों के सुरक्षित आवागमन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा - सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित विषय नहीं है. यह लोगों के जीवन और परिवारों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है. राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाली प्रत्येक दुर्घटना के पीछे किसी परिवार की चिंता और किसी अपने को खोने का दर्द हो सकता है. ऐसे में सभी संबंधित विभाग संवेदनशीलता के साथ समन्वय करते हुए सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी रूप से लागू करें.

आपके शहर में

विज्ञापन

राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने का निर्देश

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने व अवैध ढाबों, भोजनालयों एवं अन्य वाणिज्यिक संरचनाओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही सड़क के राइट ऑफ वे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया. उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित निरीक्षण एवं गश्ती के साथ ड्रोन सर्वेक्षण, सीसीटीवी, एटीएम, जीपीएस आधारित निगरानी, इ-चालान व तकनीकी माध्यमों के प्रभावी उपयोग का निर्देश दिया.

दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार का दिया निर्देश

शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए उपलब्ध तंत्र को और सुदृढ़ करने को कहा गया, ताकि सड़क से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके. बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सहायता, क्रेन की उपलब्धता, ले-बाय व पार्किंग एवं वेसाइड एमीनीटीज जैसी सुविधाओं को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा - दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव में एक-एक मिनट महत्वपूर्ण होता है. इसलिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से शीघ्र हटाने और यातायात को सामान्य करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

राजमार्ग सुरक्षा मानकों के अनुरूप नवीनीकरण का निर्देश

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित लाइसेंस, एनओसी एवं व्यावसायिक स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए राजमार्ग सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही इनके निर्गमन एवं नवीनीकरण का निर्देश दिया गया. सुरक्षा मानकों के विपरीत पूर्व में जारी किसी अनुमति की भी नियमानुसार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित दिए गए निर्देशों का अक्षरशः एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं एनएचएआइ के प्रतिनिधि उपस्थित थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola