छिपकर चेकिंग कर रहे जवान ने बाइक का हैंडल पकड़ा, दो युवक गिरे और फिर मच गया हंगामा
साकची में ट्रैफिक जांच के दौरान जवान हरि शंकर यादव और मौके पर गिरी बाइक व जमा लोग
जमशेदपुर में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो युवकों ने ट्रैफिक जवान पर बाइक चढ़ाने और वाहन में आग लगाने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर हंगामा मच गया.
जमशेदपुर: साकची शॉपर्स स्क्वायर के पास रविवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों और ट्रैफिक जवान के बीच हाथापाई हो गयी. घटना में ट्रैफिक जवान हरेकृष्णा यादव के हाथ में चोट लगी. मारपीट के बाद दोनों युवक बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गये. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है. घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने बिना बैरिकेडिंग और छिपकर वाहन चेकिंग करने का आरोप लगाते हुए ट्रैफिक चेकिंग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया. इस दौरान काफी लोग जुट गये और जमकर हंगामा हुआ. बाद में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया. कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा.
आपके शहर में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक आमबगान की ओर से साकची गोलचक्कर की तरफ जा रहे थे. शॉपर स्क्वॉयर के पास छिपा हुआ एक ट्रैफिक जवान अचानक उनके सामने आ गया और बाइक का हैंडल पकड़ लिया. इससे अनियंत्रित होकर बाइक सवार दोनों युवक गिर गये और उन्हें हल्की चोट लगी. इसके बाद युवकों ने पुलिसकर्मी की चेकिंग करने के तरीके का विरोध किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गयी. घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली का और विरोध करते हुए हंगामा करने लगे.
बाइक ले जाने से रोकने पर गाड़ी में तोड़फोड़ व आग लगाने का प्रयास
पुलिस के अनुसार, हाथापाई के बाद युवक अपनी बाइक लेकर जाने लगा, पुलिस ने उसे रोकते हुए बताया कि बाइक थाना ले जायी जायेगी. इसके बाद युवक ने गुस्से में आकर बाइक में लात मारकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और उसमें आग लगाने का प्रयास किया. उसने कुछ लोगों से लाइटर भी मांगा, लेकिन लाइटर नहीं मिलने पर बाइक पर कुछ देर बैठा रहा. बाद में हाथ में चोट का इलाज कराने की बात कहकर मौके से फरार हो गया.
जवान ने लगाया बाइक चढ़ाने का आरोप
ट्रैफिक जवान हरेकृष्णा यादव ने बताया कि बाइक सवार युवक बिना हेलमेट के जा रहा था. उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो बाइक की गति बढ़ा दी और उसके ऊपर बाइक चढ़ा दी, जिससे वह गिर गया और हाथ में चोट लगी. विरोध करने पर युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई करने लगा. बाद में उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बाइक छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली.
मामले में जांच के बाद होगी कार्रवाई : ट्रैफिक डीएसपी
ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज ने कहा कि जवानों और पदाधिकारियों को वाहन चालकों के साथ शालीनता से पेश आने व अनावश्यक बल प्रयोग से बचने की हिदायत दी गयी है. बाइक सवार बिना हेलमेट के था और उसे रोकने पर उसने पुलिसकर्मी पर बाइक चढ़ा दी, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट लगी. मामले की जांच की जा रही है. कानून अपने हाथ में लेने का हक किसी को नहीं है. इस मामले में केस दर्ज कर युवक पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए