नदी किनारे बना अस्पताल, बाढ़ में डूबा भवन, खिड़कियों से घुसता है पानी
मुख्यधारा के पास मिट्टी कटाव से बना नाला, पहुंच रास्ता नहीं.
डुमरिया के खैरबनी में 25 लाख की लागत से बना आयुष्मान आरोग्य मंदिर बाढ़ और बदहाली का शिकार है. अस्पताल में पानी भरने से मरीजों को इलाज में भारी परेशानी हो रही है.
डुमरिया : डुमरिया की खैरबनी पंचायत स्थित खैरबनी गांव में विद्यालय के समीप बना आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन निर्माण के कुछ समय बाद समस्याओं से घिर गया है. ग्रामीणों के अनुसार, भवन का निर्माण 2025 में पूरा हुआ था. उसी वर्ष आयी बाढ़ में इसका ग्राउंड फ्लोर पानी में डूब गया. खिड़की टूटने से पानी कार्यालय में घुस गया, जिससे एलइडी टीवी, आलमारी में रखे दस्तावेज और अन्य सामग्री खराब हो गयी. यह भवन नदी किनारे ढलान पर बनाया गया है.
आपके शहर में
ऊपरी तल्ले में भी होता है पानी का रिसाव
एएनएम के अनुसार, ऊपरी तल्ले में भी पानी का रिसाव होता है. खिड़कियों से बारिश का पानी अंदर आता है. बाढ़ के कारण कई जरूरी कागजात नष्ट हो चुके हैं. भवन के मुख्य द्वार के सामने मिट्टी बहने से बड़ा गड्ढा बन गया है. आवागमन का रास्ता भी नहीं है. बारिश के दौरान मरीजों को यहां पहुंचने में परेशानी होती है.
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि कार्यस्थल पर निर्माण संबंधी बोर्ड तक नहीं लगाया गया. जानकारी के अनुसार, भवन का निर्माण ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा कराया गया है. इसका प्राक्कलन 25 लाख रुपये से अधिक का है. परिसर में पेयजल की सुविधा नहीं है. नलकूप का मोटर लंबे समय से खराब पड़ा है. मुख्य द्वार का प्लेटफॉर्म क्षतिग्रस्त है. ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से भवन की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए