दोस्त को खोने के 4 दिन बाद रक्षाबंधन पर भूख हड़ताल, धर्मबीर बोले- अब किसी बहन का भाई न छिने

Updated:
विज्ञापन

भूख हड़ताल पर बैठे लोग

जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में बजरंग सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष धर्मबीर महतो भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. उन्होंने सर्कस मैदान में पार्किंग की व्यवस्था और यातायात सुधार की मांग की है.

विज्ञापन

जमशेदपुर: गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ बजरंग सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष धर्मबीर महतो शुक्रवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए. उनका कहना है कि पिछले 18 दिनों में गोलमुरी क्षेत्र में करीब 10 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. इनमें 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. कई घायलों के हाथ-पैर तक टूटे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

धर्मबीर महतो ने कहा कि गोलमुरी एक व्यस्त बाजार क्षेत्र है, लेकिन यहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. बाजार आने वाले लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़ा करते हैं. इससे सड़क पर वाहनों का दबाव और जाम बढ़ता है, जिससे हादसे का खतरा भी बना रहता है.

सर्कस मैदान में पार्किंग की मांग

धर्मबीर महतो ने मांग की कि गोलमुरी सर्कस मैदान में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि बाजार आने वाले लोगों को सुरक्षित पार्किंग मिल सके और मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो. उन्होंने सवाल उठाया कि जब बाजार में पार्किंग की सुविधा नहीं है, तो लोग अपने वाहन कहां खड़ा करें. सड़क पर वाहन खड़ा करने पर पुलिस चालान करती है, लेकिन पार्किंग का विकल्प उपलब्ध नहीं कराया जाता.

उन्होंने गोलमुरी चौक की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़क और डिवाइडर की खामियों को दूर करने, भारी वाहनों के आवागमन और पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित करने की भी मांग की.

चार दिन पहले दोस्त को खोया

धर्मबीर महतो ने बताया कि चार दिन पहले गोलमुरी की सड़क दुर्घटना में उन्होंने अपने एक दोस्त को खोया है. इस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी परिवार के अपने सदस्य को सड़क हादसे में खोने का दर्द वही समझ सकता है, जिसने अपना करीबी खोया हो.

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के दिन वह इस संकल्प के साथ भूख हड़ताल पर बैठे हैं कि गोलमुरी में सड़क दुर्घटना के कारण किसी बहन का भाई, किसी मां का बेटा और किसी परिवार का अपना सदस्य अपनी जान न गंवाए.

धर्मबीर महतो ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं है, बल्कि गोलमुरी के लोगों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन की ओर से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस पहल और जमीन पर काम शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

इस दौरान प्रदीप सिंह, सूरज तिवारी, विवेक झा, मुकुंद झा, सुमित, राकेश चौरसिया महानंद, संजय सोनी, पार्थ झा, सागर तिवारी, भोला सिंह और शिवा समेत अन्य लोग मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola