घने कोहरे में खड़े ट्रक से टकरायी बाइक, लोहरदगा के युवक की मौत..दूसरा गंभीर
दुर्घटनास्थल पर ट्रक एवं मोटरसाइकिल
धालभूमगढ़ में घने कोहरे का कहर: सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, एक युवक की मौत. दूसरा गंभीर घायल, जमशेदपुर रेफर. जानें पूरी घटना.
धालभूमगढ़. एनएच-18 पर रविवार की भोर घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नूतनगढ़ रेलवे फाटक और गजानन कारखाना के बीच सड़क पर खराब हालत में खड़े एक ट्रक के पीछे तेज रफ्तार बाइक जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया है. मृतक की पहचान लोहरदगा निवासी विवेक महली (26) के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक की पहचान चान्हो निवासी शिव शंकर महली (25) के रूप में हुई है.
घने कोहरे में नहीं दिखा सड़क पर खड़ा ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, रांची से चार युवक दो बाइक पर सवार होकर ओडिशा के धोलगिरी जा रहे थे. रविवार की भोर धालभूमगढ़ पार करने के बाद वे नूतनगढ़ रेलवे फाटक के पास पहुंचे. इसी दौरान एनएच पर एक खाली ट्रक (बीआर 26जीए 0826) खराब होने के कारण खड़ा था. बताया जाता है कि घना कोहरा होने के कारण बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया. तेज रफ्तार में आ रही बाइक (जेएच 01जीवी 6187) सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकरायी. बाइक पर विवेक महली और शिव शंकर महली सवार थे. हादसे में विवेक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि शिव शंकर गंभीर रूप से घायल हो गये. दूसरी बाइक पर सवार उनके साथी बाल-बाल बच गये.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां जांच के बाद डॉक्टर जियाउल हक ने विवेक महली को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल शिव शंकर महली को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में मृतक की पहचान उसके भाई अमरेंद्र महली ने की. अमरेंद्र ने बताया कि सभी रांची से ओडिशा के धोलगिरी जा रहे थे.
टक्कर इतनी जोरदार कि बाइक के उड़ गये परखच्चे
हादसे के बाद घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक और दो हेलमेट पड़े मिले. इससे पता चलता है कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट पहन रखा था. इसके बावजूद ट्रक से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये और एक युवक की जान चली गयी. हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए