धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा तोड़ी, ग्रामीणों में आक्रोश
केशरपुर चौक में तोड़ी गयी भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति व जुटे लोग.
घाटशिला के केशरपुर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तोड़े जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश। प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
गालूडीह : घाटशिला प्रखंड की बाघुड़िया पंचायत स्थित केशरपुर चौक (पुलिस पिकेट) के पास स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को बुधवार की शाम अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया. प्रतिमा का धड़ चबूतरे पर रह गया, जबकि सिर टूटकर जमीन पर गिर गया. घटना के समय मौके पर कोई नहीं था. कुछ महिलाएं दूर मौजूद थीं, लेकिन वे समझ नहीं सकीं कि क्या हो रहा है. बाद में लोगों को प्रतिमा टूटी अवस्था में जमीन पर मिली. इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गये. सूचना मिलते ही बाघुड़िया पंचायत के गुड़ाझोर, केशरपुर, बाघुड़िया, चाड़री, पहाड़पुर और नरसिंहपुर समेत आसपास के गांवों से ग्रामीण पहुंचे. ग्रामीणों ने दोषी की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है.
पिछले साल स्थापित की गयी थी प्रतिमा
यहां पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की गयी थी. पंचायत के लोग प्रतिमा को नमन करने के बाद अपने काम के लिए जाते हैं. झामुमो नेता फूलचांद टुडू ने घटना की जानकारी झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू को दी. दुर्गाचरण मुर्मू ने प्रशासन से मामले की जांच कर प्रतिमा तोड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
समाज में आक्रोश, पंचायत में बैठक आज
बाघुड़िया पंचायत के पूर्व मुखिया हुडिंग सोरेन ने घटना को निंदनीय बताया. उन्होंने कहा कि इसे लेकर गुरुवार को पंचायत में बैठक की जायेगी. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तोड़ना आदिवासी समाज का अपमान है. इसे समाज बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने प्रशासन से घटना की जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए