ePaper

नौकरी से निकाला तो टीएसपीडीएल के सीनियर मैनेजर को मार दी गोली

Updated at : 10 Nov 2018 7:39 AM (IST)
विज्ञापन
नौकरी से निकाला तो टीएसपीडीएल के सीनियर मैनेजर को मार दी गोली

जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीएसपीडीएल) के सीनियर मैनेजर (सप्लाइ) अरिंदम पाल (36) की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गयी. वारदात को फरीदाबाद के बाटा-हार्डवेयर चौक स्थित कंपनी के दफ्तर में कंपनी के ही पूर्व एग्जिक्यूटिव कर्मी विश्वास पांडेय ने अंजाम दिया. विश्वास को कंपनी से चार माह पूर्व निकाल […]

विज्ञापन
जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीएसपीडीएल) के सीनियर मैनेजर (सप्लाइ) अरिंदम पाल (36) की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गयी. वारदात को फरीदाबाद के बाटा-हार्डवेयर चौक स्थित कंपनी के दफ्तर में कंपनी के ही पूर्व एग्जिक्यूटिव कर्मी विश्वास पांडेय ने अंजाम दिया. विश्वास को कंपनी से चार माह पूर्व निकाल दिया गया था.
विश्वास ने दोपहर करीब दो बजे अरिंदम को पांच गोली मारी और कंपनी के दूसरे गेट से फरार हो गया. तत्काल अरिंदम पाल को इलाज के लिए फोर्टिस एस्को‌र्ट्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सीनियर मैनेजर अरिंदम पाल को पांचों गोलियां पेट में नजदीक से लगी थी जिसके कारण उनकी मौत हो गयी. पुलिस ने घटना स्थल से .32 बोर का खोखा जब्त किया है.
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है. एग्जीक्यूटिव कर्मी विश्वास पांडेय जमशेदपुर प्लांट के एक ठेकेदार का भांजा बताया जा रहा है.
शिफ्ट बदलने का फायदा उठाकर कंपनी के अंदर घुसा
पुलिस को जांच में पता चला है कि आरोपी विश्वास कंपनी में घुसने और निकलने के हर रास्ते से अवगत था. शुक्रवार को दोपहर में शिफ्ट बदलने का फायदा उठाते हुए वह दोपहर 1.30 बजे कंपनी परिसर में अपना बकाया हिसाब करने के बहाने घुस आया था. घटना के समय अरिंदम पाल पहले तल्ले पर अपने कार्यालय के सामने बने कांफ्रेंस हॉल में थे. दोपहर के वक्त अरिंदम अकेले हॉल में बैठते थे. कांफ्रेंस हॉल के बाहर चार पांच कर्मचारी खाना खा रहे थे. अरिंदम के हॉल से बाहर निकलने के बाद गेट पर इंतजार कर रहे विश्वास ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
फायरिंग की अावाज सुन भागे कर्मचारी
विश्वास द्वारा फायरिंग की घटना के बाद हॉल में खाना खा रहे कर्मचारियों के बीच भगदड़ मच गयी. भागने के क्रम में कर्मचारियों ने विश्वास को पहचाना. घटना को अंजाम देने के लिए विश्वास पांडेय किसकी मदद से कंपनी के अंदर घुसा, इस बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है.
अरिंदम की जांच रिपोर्ट पर गयी थी विश्वास की नौकरी
टीएसपीडीएल के कर्मचारियों के मुताबिक, मूल रूप से प्रयागराज (यूपी) निवासी विश्वास पांडेय वर्तमान में एनआइटी वन में रहता है. प्लांट में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्य करने के दौरान उसका व्यवहार काफी खराब था. शिकायत पर कंपनी ने विभागीय जांच करायी. जांच रिपोर्ट सीनियर मैनेजर अरिंदम पाल ने बनायी थी जिसके बाद विश्वास की नौकरी चली गयी. बताया जाता है कि विश्वास पांडेय ठेकेदार का भांजा होने और यूनियन नेताओं में अपनी पहुंंच के कारण ड्यूटी के दौरान कार्य नहीं करता था. कंपनी से निकाले जाने के कारण वह कंपनी के एचआर विभाग के अधिकारी से भी नाराज चल रहा था.
दो साल पूर्व हुआ था अरिंदम का ट्रांसफर
अरिंदम पाल मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं. वर्तमान में सैनिक कॉलोनी में परिवार संग रहते थे और प्लांट में सप्लाई चेन का कार्यभार संभाल रहे थे. वे दो साल पहले जमशेदपुर में सीआर प्लांट में कार्यरत थे. यहां से उनका स्थानांतरण फरीदाबाद प्लांट में किया गया था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola