पदमा में अपने ही ट्रक को गायब कर दर्ज कराया चोरी का केस, इंश्योरेंस की राशि हड़पने की थी साजिश; मालिक समेत दो गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपी की जानकारी देते पुलिस अधिकारी : Prabhat Khabar
झारखंड के पदमा में ट्रक मालिक ने इंश्योरेंस की राशि हड़पने के लिए ट्रक चोरी का झूठा केस दर्ज कराया था. पुलिस ने 24 घंटे में साजिश का पर्दाफाश कर दो को गिरफ्तार किया.
पदमा (हजारीबाग). अपने ही ट्रक को गायब कर चोरी का मामला दर्ज कराने और इंश्योरेंस कंपनी से बीमा की रकम हासिल करने की कथित साजिश का पदमा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में जीहू निवासी ट्रक मालिक हरिहर मेहता (49), पिता पियास महतो और चौपारण के कमलावर निवासी मो माज उर्फ आर्यन खान (30), पिता अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
आपके शहर में
दुमका के जामा से बरामद हुआ ट्रक
पुलिस ने गायब ट्रक जेएच 02 यू 1555 को दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है. पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि एक सितंबर को जीहू निवासी हरिहर मेहता ने अपने ट्रक की चोरी होने की लिखित सूचना देकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
जांच में पुलिस को हुआ संदेह
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने जीहू गांव पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि ट्रक चोरी नहीं हुआ है, बल्कि उसके मालिक ने ही साजिश के तहत उसे गायब कराया है. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की.
तीन अधिकारियों की टीम बनाकर शुरू हुई छापेमारी
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस अधिकारियों के साथ छापामारी दल गठित किया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हरिहर मेहता ने अपना ट्रक चौपारण के कमलावर निवासी मो माज उर्फ आर्यन खान को 2.90 लाख रुपये में दे दिया था. पुलिस के अनुसार, यह राशि हरिहर मेहता ने अपने दामाद के पिता के बैंक खाते में जमा करायी थी.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग में सड़क हादसा: कार की चपेट में आने से संत किरण स्कूल की वार्डन मिली सनियाल की मौत, चालक गिरफ्तार
बीमा की रकम आपस में बांटने की थी योजना : पुलिस
पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर योजना बनायी कि पदमा ओपी में ट्रक चोरी की प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. इसके बाद इंश्योरेंस कंपनी से बीमा की रकम हासिल कर उसे आपस में बांट लिया जायेगा. पुलिस ने जांच के आधार पर ट्रक को दुमका के जामा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया.
दोनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
ट्रक बरामद होने के बाद पुलिस ने हरिहर मेहता और मो माज उर्फ आर्यन खान को गिरफ्तार कर लिया. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
छापामारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापामारी दल में पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के अलावा एसआइ संदीप कुमार, राजेश हाजरा और रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए