25 साल से सड़क बदहाल, हजारीबाग में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर धान रोपाई कर विरोध जताते लोग व जर्जर हालत में सड़क : Prabhat Khabar

बरकट्ठा के तुइयो पंचायत में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया. सड़क पर धान रोपकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया.

विज्ञापन

बरकट्ठा (हजारीबाग). बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र की तुइयो पंचायत के गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क सालों से जर्जर है. सड़क पर जगह-जगह बोल्डर निकल आये हैं और बारिश के कारण जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है. इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कीचड़ और पानी जमा होने से बच्चे स्कूल जाते समय फिसल कर गिर जाते हैं, मरीजों को अस्पताल ले जाने में दिक्कत होती है और सामान्य यातायात भी बुरी तरह प्रभावित होता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

ग्रामीणों ने सड़क पर रोपा धान

जर्जर सड़क से नाराज़ ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया. उपप्रमुख प्रतिनिधि उत्तीम महतो और मुखिया शंकर रविदास के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर प्रशासन के ख़िलाफ़ अपना गुस्सा दिखाया. ग्रामीणों ने जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की. बरसात के मौसम में भी जब सड़कें चलने लायक नहीं रहीं, तो ग्रामीणों ने हताशा में जर्जर सड़क पर ही धान के पौधे रोप दिए. यह सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन नहीं था, बल्कि यह उनकी मजबूरी और प्रशासन की उपेक्षा के प्रति गहरा आक्रोश था, क्योंकि वे अपने खेतों की तरह ही सड़क को भी उपजाऊ बनाना चाहते थे.

25 सालों से नहीं हुई सड़क की मरम्मत

उपप्रमुख प्रतिनिधि उत्तीम महतो ने कहा, 'इस सड़क का निर्माण करीब 25 साल पहले हुआ था. निर्माण के बाद से अब तक सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी है.' लंबे समय से मरम्मत के अभाव में सड़क की हालत लगातार खराब होती गयी है.

ये भी पढ़ें: हजारीबाग में सड़क हादसा: कार की चपेट में आने से संत किरण स्कूल की वार्डन मिली सनियाल की मौत, चालक गिरफ्तार

सांसद और विधायक से भी लगा चुके हैं गुहार

मुखिया शंकर रविदास ने कहा- सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सांसद और विधायक से भी बात की थी. इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत या दोबारा निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गयी.

कई गांवों को जोड़ती है यह सड़क

ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क तुइयो से नयीटांड़, बुढ़ियाडीह, बुचई और चांदगढ़ खैरा गांवों को जोड़ती है. बंडासिंघा गांव से पंचायत भवन तुइयो होते हुए गांवों तक जाने वाली सड़क की हालत भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी है.

ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण रोज़मर्रा के आने-जाने में बच्चों को कीचड़ भरे रास्तों से होकर गुज़रना पड़ता है, जिससे वे अक्सर स्कूल देर से पहुंचते हैं या गंदे हो जाते हैं. वहीं, किसी मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना एक चुनौती बन जाता है, क्योंकि जर्जर सड़क के कारण एम्बुलेंस भी आसानी से नहीं पहुँच पाती. इन परेशानियों के साथ-साथ दूसरे ज़रूरी कामों में भी दिक्कत होती है. उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की है.

ये लोग रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन के दौरान बसंत कुमार, रामू राम, दयानंद प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, विजय प्रसाद, राजकुमार ठाकुर, भेखलाल प्रसाद और अर्जुन प्रसाद समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.

बरकट्ठा की जर्जर सड़क पर कीचड़ और जलजमाव का मंजर. | Prabhat Khabar Network
बरकट्ठा की जर्जर सड़क, जहां जलजमाव के कारण चलना मुश्किल हो गया है. | Prabhat Khabar Network

फोटो कैप्शन 2 बरकट्ठा 1 में - सड़क पर धान रोपाई कर विरोध जताते लोग व जर्जर हालत में सड़क. | Prabhat Khabar Network

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola