विभागीय समन्वय से योजनाओं में लाएं तेजी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त

कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक में उपस्थित डीसी, उप विकास आयुक्त, एसडीओ व अन्य
हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने विभागीय समन्वय बैठक में लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने और लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं.
हजारीबाग. उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर जनहित की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि विभागों के बीच समन्वय के अभाव में कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रभावित होती हैं. ऐसे मामलों का त्वरित समाधान कर विकास कार्यों में तेजी लाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है. बैठक में जनता दरबार एवं पीजी पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा के साथ स्वास्थ्य, नगर निगम, वन एवं पर्यावरण, भवन निर्माण, समाज कल्याण, विद्युत, कृषि, भू-संरक्षण, पशुपालन, जेएसएलपीएस, खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, खेल और सहकारिता विभाग से जुड़े लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई.
15 जुलाई तक भूमि संबंधि समस्या का होगा समाधान
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बड़कागांव के गोंदलपुरा स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण में आ रही भूमि संबंधी समस्या का समाधान 15 जुलाई तक करने का निर्देश एसडीओ सदर को दिया.वहीं इचाक प्रखंड के बोंगा स्वास्थ्य उपकेंद्र को भी 15 जुलाई तक शुरू करने तथा सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा.समाज कल्याण विभाग को भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने तथा विद्युत विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
कृषि विभाग को विज्ञापन निकालने का निर्देश
कृषि विभाग को एटीएम और बीटीएम की नियुक्ति के लिए शीघ्र विज्ञापन जारी करने तथा सभी प्रखंडों में बीज वितरण की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया.खाद्य आपूर्ति विभाग को नए गोदामों के निर्माण में तेजी लाने और बीडीओ को गोदामों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया. सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन स्वीकृति में सावधानी बरतने तथा मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के अयोग्य लाभुकों की सूची तैयार करने को कहा गया. उपायुक्त ने सभी बीडीओ को विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को पूरी गंभीरता और समयबद्धता से पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










