स्कूल में पढ़ते हैं तो जरूर पढ़ें ये खबर, आइडिया दिखाइए और पाएं ₹10 हजार; टॉप 60 जाएंगे जापान
इंस्पायर अवार्ड मानक स्कीम के तहत छात्रों को वैज्ञानिक नवाचार के लिए 10 हजार रुपये की सहायता और जापान जाने का मौका मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर है।
हजारीबाग: स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार और नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन इंडिया (NIF) की ओर से इंस्पायर अवार्ड्स-मानक योजना संचालित की जा रही है. योजना के तहत देशभर में कक्षा छह से 12वीं तक के 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के करीब 10 लाख विद्यार्थियों का चयन वैज्ञानिक सोच और नये आइडिया के लिए किया जाना है.
आपके शहर में
इस योजना में विद्यार्थियों को रोजमर्रा की जिंदगी में आने वाली समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान पर आधारित नये आइडिया तैयार कर प्रस्तुत करने होंगे. बेहतर आइडिया का चयन स्कूल, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर किया जायेगा.
चयनित विद्यार्थियों को मिलेंगे ₹10 हजार
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को ₹10,000 की सहायता राशि DBT के माध्यम से उनके बैंक खाते में दी जायेगी. इस राशि का उपयोग विद्यार्थी अपने नवाचार और मॉडल को विकसित करने में कर सकेंगे.
राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
टॉप 60 विद्यार्थियों को जापान जाने का मौका
योजना की सबसे खास बात यह है कि देशभर से चयनित टॉप 60 विद्यार्थियों को जापान जाने का अवसर मिलेगा. वहां विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को करीब से देखने और सीखने का मौका मिलेगा.
इससे विद्यार्थियों को अपने आइडिया को बेहतर बनाने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक सोच को समझने का अवसर मिलेगा.
15 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
योजना के लिए 15 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गयी है.
विद्यालय स्तर पर आंतरिक प्रतियोगिता आयोजित कर प्रत्येक स्कूल से पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया का चयन किया जायेगा. चयनित आइडिया को संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा.
इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर करीब एक लाख आइडिया का चयन किया जायेगा. चयनित विद्यार्थियों के आइडिया को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जायेगा.
इन विषयों पर तैयार कर सकते हैं आइडिया
विद्यार्थी रोजमर्रा की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान पर आधारित आइडिया तैयार कर सकते हैं. इनमें स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण, ऊर्जा, जल संरक्षण, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, दिव्यांगों की सहायता, घरेलू सुविधा और शिक्षा समेत कई विषय शामिल हैं.
योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देना है, ताकि स्थानीय समस्याओं के लिए विद्यार्थी खुद नए और उपयोगी समाधान तैयार कर सकें.
झारखंड के लिए नोडल पदाधिकारी नियुक्त
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रांची की क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक नीलम आईलीन टोप्पो को झारखंड का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.
ऐसे समझें योजना
- आयु: 10 से 17 वर्ष
- कक्षा: छह से 12वीं
- सहायता राशि: ₹10,000
- आवेदन शुरू: 15 जुलाई
- अंतिम तिथि: 15 सितंबर
- स्कूल स्तर पर: पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया
- राष्ट्रीय स्तर पर: करीब एक लाख आइडिया का चयन
- विशेष अवसर: टॉप 60 विद्यार्थियों को जापान जाने का मौका
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी Inspire Awards-MANAK के आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए