हजारीबाग: जर्जर घर में रहने वालों से लेकर जेल से लौटे लोगों तक, 82 लाभुकों को आवास की मंजूरी
बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना
हजारीबाग जिले में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत 82 जरूरतमंदों को आवास की स्वीकृति मिली है. इसमें गरीब, असहाय, विधवा महिलाएं और आजीवन कारावास की सजा काटकर लौटे लोग भी शामिल हैं.
पदमा से संजय यादव की रिपोर्ट
आपके शहर में
हजारीबाग: DC हेमंत सती ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत जिले के 82 लाभुकों के आवास को स्वीकृति प्रदान की है. इनमें आठ पुरुष और 74 गरीब, असहाय एवं विधवा महिलाएं शामिल हैं. सभी आवेदनों की संबंधित प्रखंडों के बीडीओ द्वारा जांच के बाद उपायुक्त ने आवास की स्वीकृति दी है.
स्वीकृत आवासों में पदमा प्रखंड के पांच, केरेडारी के 10, टाटीझरिया के एक, कटकमसांडी के 10, कटकमदाग के चार, इचाक के 10, दारू के दो, डाड़ी के एक, चुरचू के तीन, चौपारण के तीन, चलकुशा के एक, विष्णुगढ़ के 13, बरकट्ठा के तीन, बड़कागांव के दो, बरही के 12 और सदर प्रखंड के दो लाभुक शामिल हैं.
जर्जर मकान में रहने वाली सुनीता देवी को भी मिला आवास
बरही प्रखंड के बाराटांड़ गांव की सुनीता देवी को भी आवास योजना का लाभ मिला है. बताया गया कि पुराने घर का जर्जर अलबेस्टर शीट गिरने से उनकी बेटी मनीषा कुमारी की मौत हो गयी थी. इसके बाद परिवार की आवास संबंधी स्थिति को देखते हुए सुनीता देवी के आवास को स्वीकृति दी गयी.
आजीवन सजा काटकर लौटे दो लोगों को भी आवास
आवास योजना में केरेडारी प्रखंड के बेलतू गांव निवासी वीरेंद्र राम और महेश्वर साव को भी शामिल किया गया है. दोनों आजीवन कारावास की सजा काटकर बाहर आए हैं. उनकी आवासीय जरूरत को देखते हुए उनके नाम से भी आवास की स्वीकृति दी गयी है.
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के बीडीओ को स्वीकृत आवासों की सूची भेजते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और निर्धारित समय में पूरा कराने का निर्देश दिया है. प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए