बरही-चौपारण NH पर जाम ने बढ़ायी लोगों की परेशानी, 24 घंटे में सड़क सुधारने का अल्टीमेटम
बैठक में उपस्थित डीसी व अन्य | Prabhat Khabar Network
हजारीबाग डीसी ने बरही-चौपारण मार्ग की मरम्मत में देरी पर संवेदकों को फटकार लगाई है। 24 घंटे में काम पूरा न होने पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
हजारीबाग: बरही-चौपारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार लग रहे लंबे जाम और सड़क मरम्मत में हो रही देरी को लेकर उपायुक्त हेमंत सती ने कड़ी नाराजगी जतायी है. गुरुवार को आरसीडी, एनएचएआइ, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों और संवेदकों के साथ हुई बैठक में उपायुक्त ने संबंधित संवेदक को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के अंदर मरम्मत कार्य में जरूरी प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क की खराब स्थिति और मरम्मत में लापरवाही के कारण आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. यदि निर्धारित समय में काम में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई, तो संबंधित संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जायेगी.
महुदी मोड़ से बिलौतीयां मोड़ तक होगा कालीकरण
उपायुक्त ने कहा कि बरही-चौपारण मार्ग पर किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी होगी. एनएच की ओर से महुदी मोड़ से बिलौतीयां मोड़ तक सड़क का कालीकरण किया जाना है.
उन्होंने अधिकारियों और संवेदक को कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. सड़क मरम्मत का काम समय पर पूरा होने से जाम और आवागमन की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: बरकट्ठा के स्कूलों में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, राधा-कृष्ण की झांकी और बाल लीलाओं ने मोहा मन
शहर की खराब सड़कों की भी हुई समीक्षा
बैठक में हजारीबाग शहरी क्षेत्र की खराब सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने सिंघानी मोड़ से रेलवे पुल, कूद तक एनएच-100 के निर्माण के लिए गुरुवार को ही निविदा प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा आरसीडी को आनंदा चौक, बस स्टैंड और मिशन अस्पताल रोड समेत शहर की प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया.
पाइपलाइन के लिए सड़क काटने पर L&T के संवेदकों पर कार्रवाई
बैठक में पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों को क्षतिग्रस्त करने और काम पूरा होने के बाद उनकी मरम्मत नहीं कराने का मामला भी उठा. इस पर उपायुक्त ने संबंधित L&T के संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
नगर आयुक्त को डैमेज ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया है. उपायुक्त ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बाद उसकी मरम्मत नहीं कराने की लापरवाही को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जायेगा.
बैठक में नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, एसडीओ आदित्य पांडेय समेत आरसीडी, एनएचएआइ, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी और संबंधित संवेदक मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए