पंचायत स्तरीय महिला सभा में महिलाओं ने रखी पंचायत की समस्या, निदान की मांग
महिला सभा में शामिल महिलाएं | Prabhat Khabar Network
डुमरी के नवाडीह पंचायत में आयोजित महिला सभा में महिलाओं ने सुरक्षा, शौचालय और स्नानघर जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा.
डुमरी (गुमला): प्रखंड के नवाडीह पंचायत स्थित हड़सर सिंबरटोली गांव में पंचायत स्तरीय महिला सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पंचायत के विभिन्न गांवों से सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया. मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख जीवंती एक्का और नवाडीह पंचायत के मुखिया चेतनलाल मिंज मौजूद रहे. सभा में महिलाओं की सुरक्षा, जरूरतों, समस्याओं और पंचायत में संचालित विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
आपके शहर में
सामूहिक शौचालय और स्नानघर की उठी मांग
सभा के दौरान महिलाओं ने पंचायत क्षेत्र में महिला सुरक्षा, सामूहिक शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था सहित कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. महिलाओं ने कहा कि इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सामूहिक शौचालय और स्नानघर की सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं को सुविधा के साथ सुरक्षा और सम्मान भी मिलेगा. महिलाओं ने पंचायत में जरूरत के अनुसार योजनाओं को लागू करने की मांग की. साथ ही विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित योजनाओं की सूची प्रमुख जीवंती एक्का और मुखिया चेतनलाल मिंज को सौंपी.
ये भी पढ़ें- बारिश ने छीना आशियाना, आर्थिक मदद के लिए पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई गुहार
महिलाओं की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
मौके पर प्रमुख जीवंती एक्का ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा. मूलभूत सुविधाओं के साथ महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी. मुखिया चेतनलाल मिंज ने कहा कि पंचायत की महिलाओं की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है. सामूहिक शौचालय, स्नानघर समेत अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
महिलाओं ने प्रस्तुत किया रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया. मौके पर मनोहर कुजूर, फुलसाय नगेसिया, अलका बखला, एरेन मिंज, असुंता, कोलेस्टिका सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए