घर के पास खेल रहे थे दो मासूम दोस्त, पानी से भरी टंकी में गिरे, दोनों की मौत
सांकेतिक तस्वीर
गुमला के भरनो में शौचालय की अधूरी टंकी में डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. खेलते समय बच्चे पानी से भरी टंकी में गिर गए, जिससे गांव में मातम पसर गया.
भरनो. गुमला के भरनो प्रखंड स्थित लोंगा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौत हो गयी. घर के पास खेल रहे दोनों बच्चे बारिश के पानी से लबालब भरी शौचालय की टंकी में गिर गये. पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान लोंगा गांव निवासी असलम अंसारी के 9 वर्षीय पुत्र अरमान अंसारी और मीनारूल अंसारी के 5 वर्षीय पुत्र जैद अंसारी के रूप में हुई है.
आपके शहर में
दोनों में थी गहरी दोस्ती
अरमान लोंगा मध्य विद्यालय में तीसरी कक्षा का छात्र था, जबकि जैद इसी स्कूल में बिना नामांकन के कक्षा एक में पढ़ता था. दोनों में काफी गहरी दोस्ती थी. शनिवार को दोनों स्कूल नहीं गये थे और घर के पास ही साथ खेल रहे थे.
बारिश से पानी से भर गयी थी टंकी
जानकारी के अनुसार, परिवार वालों ने कुछ दिन पहले घर के पास शौचालय की टंकी खोदकर ईंट की जोड़ाई के लिए छोड़ रखी थी. लगातार बारिश होने के कारण टंकी पानी से पूरी तरह भर गयी थी. खेलते समय दोनों बच्चे इसी गड्ढे में गिर गये और पानी में डूब गये.
चप्पल देखकर टंकी में तलाश शुरू की
काफी देर तक दोनों बच्चे घर के आसपास नजर नहीं आये तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान टंकी के पास दोनों बच्चों की चप्पल दिखाई दी. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने टंकी के अंदर तलाश की तो दोनों बच्चों के शव मिले.
बच्चों की मौत से गांव में पसरा मातम
दोनों बच्चों के शव मिलने की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया. बच्चों की मांओं का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव में शोक का माहौल है और परिवार के लोगों का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गयीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए