दो साल भी नहीं टिक सकी शहीद की प्रतिमा, सड़क पर बिखरे टुकड़े... निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
शहीद संतोष उरांव की ध्वस्त हुई प्रतिमा | Prabhat Khabar Network
घाघरा में शहीद संतोष उरांव की प्रतिमा दो साल के भीतर ही धराशायी हो गई. ग्रामीणों ने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
घाघरा. घाघरा प्रखंड के चपका चौक पर स्थापित शहीद संतोष उरांव की प्रतिमा दो वर्ष पूरे होने से पहले ही धराशायी हो गयी. प्रतिमा के इस तरह टूटकर गिरने से जहां स्थानीय लोगों में आक्रोश है, वहीं प्रतिमा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
पहली पुण्यतिथि पर स्थापित हुई थी प्रतिमा
जानकारी के अनुसार शहीद संतोष उरांव 17 नवंबर 2023 को शहीद हुए थे. उनकी प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर नवंबर 2024 में चपका चौक पर प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया था. वर्ष 2025 में प्रतिमा स्थापना की पहली वर्षगांठ पर भी कार्यक्रम आयोजित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी गयी थी. लेकिन स्थापना के दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए और प्रतिमा धराशायी होकर क्षतिग्रस्त हो गयी.
सड़क पर बिखरे प्रतिमा के हिस्से
प्रतिमा के सड़क पर गिरने के बाद उसके हिस्से इधर-उधर बिखर गये. जिन्हें स्थानीय लोगों ने एकत्रित कर कपड़े से ढंक दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि शहीदों की प्रतिमा सम्मान और गौरव का प्रतीक होती है. यदि उसके निर्माण में भी गुणवत्ता से समझौता हुआ है तो यह केवल निर्माण में लापरवाही नहीं, बल्कि शहीद के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है.
कलाकार और ठेकेदार के काम की भी हो तकनीकी जांच
स्थानीय लोगों ने कहा कि शहीद संतोष उरांव की प्रतिमा के निर्माण में जिस कलाकार/ठेकेदार ने कार्य किया था, उसके काम की भी तकनीकी जांच होनी चाहिये. निर्माण में कौन-कौन सी सामग्री इस्तेमाल की गयी, उसकी गुणवत्ता क्या थी, किसके निर्देशन में कार्य हुआ और भुगतान किस आधार पर किया गया है. सभी बिंदुओं की जांच आवश्यक है.
ये भी पढ़ें: Netarhat : स्कूटी सवार युवक को ट्रक ने रौंदा, अस्पताल पहुंचते ही हुई मौत
अनियमितता मिली तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिये. देश और समाज के लिए बलिदान देने वाले शहीद की प्रतिमा तक यदि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, तो यह पूरे समाज के लिए शर्मनाक स्थिति है.
सम्मानपूर्वक फिर स्थापित हो प्रतिमा
लोगों ने प्रशासन से मांग किया है कि जल्द से जल्द शहीद संतोष की प्रतिमा बना कर सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाये.
ये भी पढ़ें: Gumla: गर्भवती को नहीं मिली एंबुलेंस, 2 KM तक ढोकर मेन रोड पहुंचे ग्रामीण | Jharkhand
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए