मोरहाबादी में कार वॉश करा रहे व्यक्ति के गले से चेन झपटी, आधी चेन लेकर भागे बाइक सवार
लालपुर थाना, रांची
रांची के मोरहाबादी में कार धोने के दौरान एक व्यक्ति से सोने की चेन लूट ली गई. बाइक सवार दो अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. लालपुर थाना क्षेत्र के मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के पास गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने कार वॉश करा रहे एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपट ली. झपट्टे के दौरान चेन टूट गयी, जिससे उसका आधा हिस्सा पीड़ित के हाथ में रह गया, जबकि अपराधी आधी चेन लेकर फरार हो गये.
घटना सुबह करीब 10:35 बजे की बतायी गयी है. लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी कुंदन प्रसाद ने मामले को लेकर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, वह अपनी कार की धुलाई करा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक पीछे से पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली.
पीड़ित के अनुसार, दोनों युवकों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे. घटना के बाद दोनों बाइक से तेजी से फरार हो गये. अचानक हुई वारदात के कारण पीड़ित जब तक कुछ समझ पाते, दोनों अपराधी मौके से निकल चुके थे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना की पुलिस जांच में जुट गयी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. दिनदहाड़े हुई चेन छिनतई की इस घटना से मोरहाबादी और आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए