वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हुई पूजा, क्षेत्र में धार्मिक उत्साह

हटिया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न
मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया चौक स्थित बाबा बजरंगबली मंदिर में गुरुवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बजरंगबली की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न करायी गयी. इस धार्मिक अनुष्ठान का संपादन पंडित धनंजय मिश्रा, छोटू मिश्रा एवं दिवाकर मिश्रा द्वारा किया गया. यजमान के रूप में प्रकाश साह एवं उनकी पत्नी शांति देवी उपस्थित रहे. प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व पंडित एवं यजमान द्वारा उत्तरवाहिनी गंगा, कहलगांव से पवित्र जल लाया गया. इसके पश्चात पंडितों द्वारा संपूर्ण मंदिर परिसर को गंगाजल से शुद्ध कर मंदिर का विधिवत शुद्धिकरण किया गया. पूजा-अर्चना से पूर्व पंडितों के नेतृत्व में यजमान द्वारा सिर पर कलश धारण कर क्षेत्र का भ्रमण किया गया. कलश यात्रा के उपरांत पंडितों द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर बाबा बजरंगबली की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा करायी गयी. इस अवसर पर मंदिर परिसर एवं आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया. वहीं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा मेहरमा से हटिया चौक तक पूरे मार्ग को जय श्री राम के पताका एवं झंडों से सजाया गया, जिससे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम के सफल संचालन में आयोजन समिति के चुन्ना राम, संजीव सिन्हा, मंतोष कुमार, अनिरुद्ध कुमार अनुज, मुकेश कुमार, रितेश कुमार एवं बासुदेव भगत की सराहनीय भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




