गोड्डा में नकली चीनी की आशंका: बाराहाट के ग्राहक ने जताई प्लास्टिक मिलावट की शिकायत, सैंपल जांच की मांग
चीनी के साथ मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार l Prabhat Khabar Network
बाराहाट बाजार में प्लास्टिक से बनी चीनी मिलने की आशंका से हड़कंप मच गया है. एक ग्राहक द्वारा खरीदी गई चीनी न घुलने पर शक हुआ. मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है.
चीनी या प्लास्टिक? बाराहाट बाजार में खरीदकर लाई चीनी ने मचाई हलचल, जांच की मांग
गोड्डा से निरभ किशोर/नवनीत की रिपोर्ट
गोड्डा : स्थानीय बाराहाट बाजार में प्लास्टिक से बनी चीनी मिलने की सूचना से लोगों में भय का माहौल है.
चीनी नहीं घुलने पर हुआ शक
जानकारी के अनुसार सोमवार को शंकरपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार सिन्हा ने बाराहाट बाजार के एक दुकानदार से पांच किलो चीनी खरीदी. घर पहुंचकर उन्होंने चूड़ा-दही में चीनी मिलाई तो वह काफी देर तक नहीं गली. शक होने पर उन्होंने एक गिलास पानी में चीनी डालकर करीब आधा घंटा रखा. पानी घुल गया, लेकिन चीनी नहीं गली. हाथ से मसलने पर वह प्लास्टिक जैसी प्रतीत हुई.
दुकानदार का नाम बताने से इनकार
पूछे जाने पर मुखिया प्रतिनिधि ने दुकानदार का नाम बताने से इनकार किया.
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
प्लास्टिक चीनी की सच्चाई क्या है, यह जांच का विषय है. बाराहाट-मेहरमा बाजार बिहार के पीरपैंती और कहलगांव प्रखंड के दर्जनों गांवों का मुख्य बाजार है. यहां से खुदरा और थोक में चीनी लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेची जाती है. यदि जांच में बात सही पाई जाती है तो यह गंभीर मामला होगा.
संयुक्त जांच की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य विभाग गोड्डा और भागलपुर को संयुक्त रूप से जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए.
पर्व के दौरान खपत की आशंका
आगामी दो महीनों में जितिया, दुर्गा पूजा, काली पूजा और छठ जैसे बड़े पर्व हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में मिठाइयां बनती हैं. बताया जा रहा है कि ऐसी चीनी गर्म चीज में गल जाती है. ऐसे में यदि बाजार में ऐसी चीनी बिक रही है तो दुकानदार पर्व के दौरान इसे खपाने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है.
सैंपल जांच और जब्ती की मांग
लोगों ने दोनों जिलों के खाद्य आपूर्ति विभाग से छापेमारी कर सैंपल जांच और जब्ती की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए