मेहरमा में 55.50 लाख के उप स्वास्थ्य केंद्र की छत ढलाई के अगले दिन गिरा छज्जा, घटिया निर्माण के आरोप
छज्जा की/ढालाई के /धराशायी हुआ छज्जे | Prabhat Khabar Network
मेहरमा में 55.50 लाख की लागत से बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र में बड़ा घोटाला सामने आया है. छत ढलाई के ठीक अगले दिन छज्जा गिर गया. ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.
मेहरमा : प्रखंड क्षेत्र के भुस्का में बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में भारी अनियमितता सामने आई है. एस्टीमेट के अनुसार कार्य नहीं होने से सोमवार को हुई छत की ढलाई के बाद मंगलवार सुबह ही छत का छज्जा गिर गया. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए घटिया तरीके से कार्य कराने का आरोप लगाया है.
55.50 लाख की लागत से हो रहा निर्माण
तुलाराम-भुस्का पंचायत के भुस्का में जिला परिषद मद से 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण महगामा निवासी अनिल भगत के लाइसेंस पर हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र का कार्य बेहद घटिया तरीके से किया जा रहा है. केवल छत ढलाई ही नहीं, बल्कि ईंट जोड़ाई में भी अनियमितता बरती गई है. एस्टीमेट के अनुसार न तो पर्याप्त सीमेंट दिया जा रहा है और न ही निर्धारित एमएम का छड़ लगाया जा रहा है.
सहायक अभियंता ने कम छड़ मिलने पर रोका था काम
ग्रामीणों के अनुसार ईंट जोड़ने से लेकर ढलाई तक गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए ठेकेदार को बार-बार कहा गया, लेकिन ठेकेदार अपनी मनमानी करता रहा. ढलाई के दिन जिला परिषद के सहायक अभियंता तुलसी पाल निरीक्षण पर पहुंचे थे. उन्होंने छत में कम छड़ बंधा पाया और निर्देश दिया कि और छड़ बांधने के बाद ही ढलाई की जाए. इसके बावजूद ठेकेदार ने ढलाई कर दी. अगले ही दिन छज्जा गिर गया.
10 और 8 एमएम की जगह 6 एमएम छड़ लगाने का आरोप
नियम के अनुसार पूरे छत में 10 और 8 एमएम का छड़ लगाकर क्रैंक मोड़ना है, लेकिन 10 और 8 एमएम के साथ 6 एमएम का छड़ लगाकर ढलाई की गई. जहां पांच इंच पर छड़ बांधना था, वहां आठ से 10 इंच पर बांधा गया. सीढ़ी के ऊपर बंधे छड़ का क्रैंक भी नहीं मोड़ा गया.
पूरी छत तोड़कर दोबारा होगी ढलाई
इस संबंध में सहायक अभियंता तुलसी पाल ने बताया कि ठेकेदार को और छड़ लगाने को कहा गया था, लेकिन उसने मनमानी की. अब पूरी छत को तोड़वाकर दोबारा ढलाई कराई जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए