सेवानिवृत्त शिक्षक से 50 हजार रुपये की छिनतई
बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे थे घर
मेहरमा थाना क्षेत्र के मेहरमा-बौरमा मुख्य मार्ग स्थित पहाड़खंड बगीचे के समीप बौरमा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक दीक्षित कुमार राम से उच्चकों ने 50 हजार रुपये की छिनतई कर ली. घटना के संबंध में पीड़ित शिक्षक ने थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित ने बताया कि वे एसबीआई से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान हटिया चौक पर एक पंखा मिस्त्री से पंखा शीघ्र ठीक करने को लेकर बातचीत कर रहे थे. तभी मिस्त्री ने उनके जैकेट पर कुछ गंदा पदार्थ गिरा हुआ बताते हुए उसे साफ करने की सलाह दी. जैकेट उतारकर देखने पर उस पर गंदगी लगी मिली. उन्होंने जैकेट साफ किया और उसमें रखी नकदी निकालकर शर्ट की जेब में रख ली तथा घर की ओर चल पड़े. उन्होंने बताया कि जैसे ही वे पहाड़खंड बगीचे के समीप पहुंचे, विपरीत दिशा से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी में धक्का मार दिया, जिससे वे गिर पड़े. इसी दौरान बदमाशों ने उनकी शर्ट की जेब में रखे 50 हजार रुपये नकद तथा दो फिक्स्ड डिपॉजिट के कागजात छीन लिये और तेजी से बाराहाट की ओर फरार हो गये. घटना के बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गये और बदमाशों का पीछा भी किया, किंतु उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. पीड़ित शिक्षक ने पुलिस से छिनतई करने वालों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
शिक्षक से सूचना प्राप्त होने के उपरांत पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गयी. बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा घटना को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.– सौरभ कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी, मेहरमाB
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए