Giridih News :प्रशिक्षण में अव्यवस्था पर भड़के प्रशिक्षु, किया बहिष्कार

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 19 Feb 2026 10:33 PM

विज्ञापन

Giridih News :बेंगाबाद प्रखंड सभागार में आयोजित पंचायत सहायकों के चार दिवसीय प्रशिक्षण में जवाबदेह संस्था कर्मियों द्वारा व्यवस्था के नाम की जा रही खानापूर्ति का प्रशिक्षुओं ने जमकर विरोध करते हुए बहिष्कार कर दिया.

विज्ञापन

प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रशिक्षण की जिम्मेदारी लेने वाली एजेंसी की कार्यशैली से क्षुब्ध प्रशिक्षुओं ने आपत्ति जताते हुए बीडीओ से शिकायत की है. गुरुवार की अपराह्न तीन बजे तक लंच की व्यवस्था नहीं की गयी और ना ही एजेंसी के कोई कर्मी पहुंचे. इससे प्रशिक्षु भड़क गये और प्रखंड कार्यालय के पास विरोध जताते हुए एजेंसी के कार्यकलाप का बहिष्कार किया. जानकारी मिलने पर बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल प्रखंड समन्वयक भुनेश्वर मुर्मू को स्थिति की जानकारी लेकर रिपोर्ट करने की बात कही. बीडीओ ने कहा कि जो प्रावधान है, उसे हर हाल में एजेंसी को पूरा करना होगा. कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

क्या है मामला

पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार की ओर से नवीनीकृत राष्ट्रीय ग्राम स्वराज के अंतर्गत पंचायती राज के प्रतिनिधियों व कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. बेंगाबाद में प्रशिक्षण कार्य के लिए वेलेयूर फेबटेक प्राइवेट लिमिटेड मनोनीत है. एजेंसी को पहले फेज में बेंगाबाद के 12 पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव और पंचायत स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी दी गयी है. प्रशिक्षण की शुरुआत मंगलवार को हुई. गाइडलाइन के अनुसार उपस्थित प्रशिक्षुओं को दो समय के नाश्ते के अलावा दोपहर में भोजन देना है. लेकिन, पहले दिन प्रशिक्षुओं को नाश्ता नहीं दिया गया. साथ ही दोपहर में मेनू के अनुसार भोजन भी नहीं दिया गया. इससे क्षुब्ध जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जतायी, तो एजेंसी के कर्मियों ने दूसरे दिन से सुधार का भरोसा दिया. पुनः दूसरे दिन भी दोपहर के भोजन में मनमानी के साथ शाम का नाश्ता नहीं मिला. इससे प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रशिक्षुओं की संख्या आधी हो गयी. गुरुवार को तीसरे दिन दोपहर के तीन बजे तक प्रशिक्षुओं के लिए भोजन की व्यवस्था नहीं करायी गयी. इसके बाद मामला भड़क गया और प्रशिक्षु प्रशिक्षण का बहिष्कार कर सभागार से बाहर निकल गये.

क्या कहते हैं प्रशिक्षु

प्रशिक्षण में आये पंचायत सचिव राजकिशोर साहू, अनुज कुमार, छोटू मुर्मू, स्वयंसेवक दीपा चैरसिया, नेपाल मोदी, पंकज यादव, शिबू वर्मा, मुखिया बासुदेव नारायण सिंह, मो बारिक अंसारी, मो सदिक अंसारी सहित अन्य ने कहा कि प्रशिक्षण में समय पर नाश्ता और भोजन नहीं मिलने के कारण आधे प्रतिभागी प्रशिक्षण में भाग नहीं ले रहे हैं. सुधार की मांग करने के बाद भी एजेंसी कर्मियों पर कोई असर नहीं पड़ा. कहा व्यवस्था के नाम पर खानापूर्ति कर एजेंसी कर्मी फर्जी बिल वाउचर के सहारे सरकारी राशि लूट की योजना बना रहे हैं, जिसे चलने नहीं दिया जायेगा. इधर प्रशिक्षकों का कहना है कि उसे एजेंसी की ओर से प्रशिक्षण देने की जिम्मदारी सौंपी गयी है, व्यवस्था से उसे कोई लेना देना नहीं है.

एजेंसी के प्रतिनिधि ने कहा

वहीं, एजेंसी के प्रतिनिधि विलियम जैकब ने कहा कि उपस्थिति से अधिक लोग भोजन करने पहुंच जाते हैं. इसके कारण मेनू गड़बड़ा रहा है. कई प्रशिक्षुओं ने मेनु की शिकायत की है. इसे देखा जा रहा है. कहा व्यवस्थापक की तबीयत खराब होने के कारण कुछ परेशानी हुई है.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola