ePaper

Giridih News :नगर निगम चुनाव : मेयर पद के लिए 13 एवं वार्ड पार्षद पद के लिए 81 अभ्यर्थियों ने किया नामांकन

Updated at : 04 Feb 2026 10:39 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :नगर निगम चुनाव : मेयर पद के लिए 13 एवं वार्ड पार्षद पद के लिए 81 अभ्यर्थियों ने किया नामांकन

Giridih News :नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन बुधवार को गिरिडीह समाहरणालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी बिजय सिंह बिरुआ के समक्ष मेयर पद के लिए 13 अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. वहीं नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों के लिए निर्वाची पदाधिकारियों के समक्ष 81 अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया.

विज्ञापन

सभी अभ्यर्थी अपने-अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय एवं गिरिडीह प्रखंड कार्यालय नामांकन पर्चा दाखिल करने के लिए पहुंचे थे. मेयर पद के लिए अर्जुन बैठा, कामेश्वर पासवान, समीर राज चौधरी, पप्पू रजक, जीवन दास, दयानंद निरंजन उर्फ श्याम कुमार पासवान, प्रकाश दास, पंकज सागर, गोविंद तुरी, नागेश्वर दास, ब्रजमोहन तुरी, कृष्णा तुरी व प्रदीप पासवान ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. नामांकन के पश्चात सबों ने नगर निगम क्षेत्र का समुचित विकास करने की बात कही. इधर, वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन को लेकर गिरिडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में गहमागहमी रही. आज वार्ड पार्षद पद के लिए वार्ड नंबर एक से नौ तक में 25, वार्ड 10 से 18 तक में 25, वार्ड नंबर 19 से 27 तक में 20 एवं वार्ड 28 से 36 तक में 11 अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन कराने वालों में नवीन सिन्हा, अशोक राम, संदीप डंगेच, मनोज कुमार, अशोक रजक, बीनू देवी, आशा देवी, जरीना खातून, संगीता कुमारी, विनोद राणा, बबली साहू सहित कई अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. इधर, प्रखंड कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था का खासा इंतजाम किया गया था. भीड़ को ले नियंत्रण के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात थे.

नगर निगम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास है उद्देश्य : अर्जुन बैठा

नगर निगम मेयर पद के लिए नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अर्जुन बैठा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना उनका उद्देश्य है. इसी उद्देश्य की सार्थकता को लेकर वह चुनावी मैदान में उतरे हैं. उन्होंने कहा कि सड़क, गली, नाली, पेयजल की समस्याओं का समाधान के साथ-साथ गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कराना एवं गिरिडीह शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाना प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि वह जनता की सुख-दु:ख में सदैव उनके साथ रहे हैं. कहा कि जनता के आशीर्वाद से जनआकांक्षाओं की पूर्ति की जायेगी.

जनता की समस्याओं का किया जायेगा समाधान : कामेश्वर

नगर निगम मेयर पद के लिए नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कामेश्वर पासवान ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है. कहा कि नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को पीएम आवास योजना का समुचित लाभ नहीं मिल रहा है. जाति-आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण जनता को कठिनाई हो रही है. शहरी क्षेत्र में लचर ट्रैफिक व्यवस्था के कारण आवागमन में परेशानी होती है. इन समस्याओं का समाधान करने के लिए वह चुनावी मैदान में उतरे हैं.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola