देवराडीह में 55 लाख की लागत से बनेगा उप स्वास्थ्य केंद्र, 15 बेड की होगी सुविधा
शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद जिप उपाध्यक्ष छोटे लाल प्रसाद व अन्य
बगोदर के देवराडीह में 55 लाख की लागत से 15 बेड वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास हुआ. अब ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.
बगोदर प्रखंड के देवराडीह पंचायत के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधा को लेकर अच्छी खबर है. पंचायत में स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गिरिडीह जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल प्रसाद ने किया. करीब 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस उप स्वास्थ्य केंद्र में 15 बेड की सुविधा होगी.
आपके शहर में
बताया गया कि देवराडीह बगोदर प्रखंड की छोटी पंचायतों में शामिल है. ग्रामीण लंबे समय से पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र की मांग कर रहे थे. 15वें वित्त आयोग की जिला परिषद मद से उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन की स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य पहले ही शुरू कर दिया गया था. अब भवन निर्माण का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है. नगर चुनाव के कारण पहले शिलान्यास कार्यक्रम नहीं हो सका था.
महिलाओं और बच्चों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों की लगातार मांग और प्रयास के बाद देवराडीह पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन की स्वीकृति मिली है. उन्होंने कहा कि भवन का काम जल्द पूरा कर केंद्र को चालू कराने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि करीब 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 15 बेड के उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य की सुविधा और बच्चों के टीकाकरण समेत अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है. उन्होंने संवेदक को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया.
भवन बनने के बाद ग्रामीणों को गांव में ही मिलेगी सुविधा
मुखिया प्रतिनिधि पूरन कुमार महतो ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों और मीडिया के सहयोग से देवराडीह पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिली है. भवन निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बाद ग्रामीणों को केंद्र में समुचित स्वास्थ्य सुविधा मिल सके, इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा. मौके पर पंचायत समिति सदस्य कुंती वर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला और पुरुष मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए