पक्ष-विपक्ष की भूमिका में दिखे नौवीं-दसवीं के छात्र, मॉक पार्लियामेंट से समझीं संसदीय परंपराएं
मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम में शामिल बच्चे. | Prabhat Khabar Network
बगोदर के डिवाइन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने मॉक पार्लियामेंट का आयोजन कर संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझा. छात्रों ने प्रश्नकाल में शिक्षा व्यवस्था पर अहम सवाल उठाए.
गिरिडीह. बगोदर प्रखंड के बेंको स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से संसद की कार्यप्रणाली को समझा. कक्षा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों ने संसद सत्र का अभ्यास करते हुए पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभायी. इस दौरान प्रश्नकाल में शिक्षा व्यवस्था, सरकारी और निजी विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया.
प्रश्नकाल में विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही का जीवंत प्रदर्शन किया. उन्होंने सदन में प्रश्न पूछने, अपनी बात रखने और पक्ष-विपक्ष के बीच होने वाली चर्चा की प्रक्रिया को समझा. छात्रों ने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों की चुनौतियों से जुड़े सवाल उठाये. साथ ही विभिन्न सामाजिक और जनहित के विषयों पर तार्किक ढंग से अपनी राय रखी.
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम में भाग लिया. इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला.
शिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
मॉक पार्लियामेंट के प्रभारी शिक्षक अंकित कुमार थे. उन्होंने विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली और संसदीय परंपराओं से जुड़ी जानकारियां दीं. कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक गणेश कुमार और बिनोद कुमार का भी योगदान रहा.
ये भी पढ़ें: Watch Video: झंडा मैदान से वाटरफॉल तक दौड़ीं साइकिलें, डीसी-एसपी और डीएफओ ने दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद जाहिद अंसारी ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होती है. विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और गंभीरता के साथ संसद की कार्यवाही में अपनी भूमिका निभायी, वह सराहनीय है.
वहीं, विद्यालय के निदेशक नवीन कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को देश और राज्य की संसदीय गतिविधियों की जानकारी देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था. इससे बच्चों को सदन की गरिमा, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला. साथ ही संविधान, नागरिक अधिकारों और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करने में भी ऐसी गतिविधियां उपयोगी हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए