Giridih News :लापता किशोर का शव नौलखा डैम के पास मिला

Updated:
विज्ञापन
Giridih News :लापता किशोर का शव नौलखा डैम के पास मिला

Giridih News :मायाराम टोला से मंगलवार दोपहर बाद से लापता 12 वर्षीय किशोर आयुष कुमार पिता लक्ष्मण दास का शव शनिवार की शाम नौलखा डैम के समीप एक निर्जन स्थल पर बने पुराने कुएं में तैरता मिला. उसका चप्पल भी वहीं बगल में मिला.

विज्ञापन

शव मिलने की खबर मिलते ही मायाराम टोला में कोहराम मच गया. पूरा मोहल्ला व धनवार के सैकड़ों लोग कुएं के पास उमड़े. आयुष के परिजन रो-रोकर हाल है. सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल भी दल-बल के साथ स्थल पर पहुंचे.

लोगों ने जतायी हत्या की आशंका

लोग इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए इसकी समुचित जांच कराने और घटना का उद्भेदन करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मंगाया जा रहा है. ग्रामीणों के प्रयास से देर शाम शव कुएं से निकाला गया. जानकारी के अनुसार आयुष मंगलवार शाम करीब चार बजे घर के पीछे खेलने चला गया था, लेकिन इसके बाद वह नहीं लौटा. खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो परिजन धनवार थाना में आवेदन देकर किशोर की जल्द तलाश करने की गुहार लगायी. किशोर के नहीं मिलने पर परिजनों व सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह धनवार-खोरीमहुआ मेन रोड को ऊपरैली धनवार में जाम भी किया था. उनकी मांग पर पुलिस ने फोरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वायड भी मंगवाया. इसी बीच शनिवार का शाम चार बजे जब पटवन के लिए कुएं में पंप लगाने गये किसान ने उसका शव देखा और हल्ला किया. मृतक पीएम श्री मध्य विद्यालय धनवार में वर्ग छह का छात्र था.

धनवार-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग को किया जाम

आयुष का शव कुएं से निकालकर थाना लाने के क्रम में मायाराम टोला के लोगों से मृतक के घर के समीप पुलिस को रोक दिया. लोगों ने धनवार-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीण मामले का तत्काल उद्भेदन व हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. जाम की सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीओ अनिमेष रंजन, एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास तथा धनवार, परसन, घोड़थंभा, जमुआ व हीरोडीह के थाना प्रभारी के साथ दर्जनों महिला-पुरुष पुलिस जवान जाम स्थल पर पहुंचे. पदाधिकारियों ने लोगों को समझा कर जाम हटाया.

विज्ञापन
Pradeep Kumar

लेखक के बारे में

By Pradeep Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola