शराब दुकान के पास मिला शिक्षिका के बेटे का शव, शरीर पर मिले जलने के निशान; मौत की गुत्थी में उलझी पुलिस
सांकेतिक तस्वीर | AI
मझिआंव में एक युवक की संदिग्ध मौत ने सनसनी मचा दी है. उसके शरीर पर जलने के निशान पाए गए हैं, जो मौत के कारणों पर सवाल खड़े करते हैं. पुलिस जांच में जुटी है.
मझिआंव, गढ़वा: थाना क्षेत्र के चंद्री (सोलह बिगहवा टोला) निवासी सोनल कुमार जायसवाल (35 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. उनका शव पलामू जिले के उंटारी रोड स्थित एक शराब दुकान के समीप मिला. सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजन उन्हें तत्काल मझिआंव रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही मझिआंव पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया.
आपके शहर में
शरीर पर मिले जलने और फोड़े-फुंसी जैसे निशान
मृतक के दाहिने हाथ, कंधे समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर जलने तथा फोड़े-फुंसी जैसे निशान पाए गये हैं. स्थानीय स्तर पर किसी के द्वारा गर्म पानी डाले जाने की चर्चा है. वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि सोनल अत्यधिक शराब का सेवन करते थे. हालांकि, मौत के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है.
उंटारी रोड पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलने की उम्मीद है. मृतक मझिआंव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका सीमा जायसवाल के बड़े पुत्र थे. वह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गये हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए