गढ़वा: लगातार बारिश से ढहा गरीब का कच्चा आशियाना, सात लोगों के सिर से उठी छत
गिरा हुआ घर | Prabhat Khabar Network
जतपुरा गांव में लगातार बारिश के कारण एक गरीब परिवार का मिट्टी का मकान ढह गया.गनीमत रही कि सभी सदस्य सुरक्षित हैं, प्रशासन से मदद की गुहार लगाई गई है.
आशुतोष गुप्ता की रिपोर्ट
आपके शहर में
विशुनपुरा (गढ़वा). प्रखंड की सरांग पंचायत के जतपुरा गांव के वार्ड नंबर-3 में लगातार हो रही बारिश के बीच एक गरीब परिवार के मिट्टी के मकान का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया. मकान की मुख्य दीवार, खपड़ा और छज्जा गिरने से परिवार के सामने बरसात में रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गयी है. हालांकि, हादसे में घर में मौजूद सभी लोग बाल-बाल बच गये.
सात लोग रहते हैं इस मकान में
जानकारी के अनुसार रेखा कुमारी पति सुनील बियार के मिट्टी के मकान का एक बड़ा हिस्सा बारिश के कारण कमजोर होकर गिर गया. इस घर में रेखा कुमारी, सुनील बियार, बेबी कुमारी, दशरथ बियार, कौली देवी, अनिल बियार और विजय बियार समेत करीब सात लोग रहते हैं.
मकान का बचा हुआ हिस्सा भी काफी जर्जर और कमजोर हो चुका है. इससे उसके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है.
बारिश जारी रही तो बढ़ सकता है खतरा
परिजनों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवारें पूरी तरह कमजोर हो गयी हैं. मकान का एक हिस्सा गिरने के बाद बचे हुए हिस्से में रहना भी जोखिम भरा हो गया है. परिजनों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो मकान का बाकी हिस्सा भी गिर सकता है और बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
ये भी पढ़ें: श्री बंशीधर नगर अनुमंडलीय अस्पताल में OPD व्यवस्था में सुधार, अब मिलेगी महिला-शिशु व दंत रोग विशेषज्ञों की सेवा
तिरपाल और राहत सामग्री की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति का तत्काल जायजा लेने की मांग की है. ग्रामीणों ने परिवार को तिरपाल और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी अपील की है. वहीं, पीड़ित परिवार ने अंचल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आपदा राहत के तहत आर्थिक एवं आवश्यक सहायता दिलाने की गुहार लगायी है. परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की भी मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए