गढ़वा की राजनीति गरमाई, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विधायक से पूछे विकास कार्यों पर सवाल
प्रेसवार्ता करते मिथिलेश ठाकुर | Prabhat Khabar Network
गढ़वा विधायक से पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विकास कार्यों का हिसाब मांगा है. महिला कॉलेज और आवासीय विद्यालयों के संचालन पर भी सवाल उठाए गए.
गढ़वा. गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने उनसे विकास कार्यों का हिसाब मांगा है. रविवार को कल्याणपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने विधायक से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी छोड़कर गढ़वा के विकास का रोडमैप जनता के सामने रखने की मांग की.
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जनता ने विधायक को पूरे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है. ऐसे में उन्हें पिछले दस वर्षों में गढ़वा के लिए किए गए कार्यों और वर्तमान कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं का ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए. उन्होंने कहा कि विकास के लिए विधायक कोई ठोस पहल करते हैं, तो वह उसका समर्थन करेंगे.
महिला कॉलेज और आवासीय विद्यालयों के संचालन पर सवाल
पूर्व मंत्री ने कहा कि महिला कॉलेज, पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय और अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के भवन तैयार होने के बावजूद उनका संचालन शुरू नहीं होना चिंता का विषय है. विधायक को इन मुद्दों को विधानसभा में उठाना चाहिए, ताकि संस्थानों का संचालन शुरू हो सके. विधायक निधि पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने इसकी राशि चार करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी है. इसका उद्देश्य क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना है. इसलिए विधायक को इस राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करना चाहिए.
आरोपों को निराधार बताया, जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग
मिथिलेश ठाकुर ने झामुमो नेताओं धीरज दुबे, शरीफ अंसारी, संजय छोटू और चंदन पासवान को जनहित के मुद्दे उठाने पर निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया. वहीं, अपने ऊपर लगाए गए 5200 करोड़ रुपये के कथित गबन और विदेश जाने संबंधी आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी का जिक्र करते हुए जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की. अलकतरा घोटाले सहित अन्य मामलों को लेकर भी उन्होंने विधायक से जवाब मांगा.
नगर परिषद भवन, सड़क निर्माण और खनन से जुड़े मामलों में भी उन्होंने विधायक की भूमिका पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यकाल के अभी तीन वर्ष शेष हैं. विधायक को इस अवधि में विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए और चुनाव के समय जनता को अपने काम का हिसाब देना चाहिए. अंत में उन्होंने कहा कि वह पद के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा के उद्देश्य से राजनीति करते हैं. गढ़वा के विकास की गति रुकनी नहीं चाहिए और वह अंतिम सांस तक जनता की सेवा करते रहेंगे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
