वर्षों की दुश्मनी भूले 2 सगे भाई, छोटे ने छुए पैर तो बड़े ने 'बाबू' कहकर लगाया गले
जमीन के झगड़े ने तोड़ी थी रिश्तों की डोर, प्रशासन ने फिर मिलाये दो भाइयों के दिल | Prabhat Khabar Network
जमीन विवाद में सालों की दुश्मनी खत्म. प्रशासन की पहल पर भाइयों का मिलन. छोटे ने छुए पैर, बड़े ने लगाया गले, भावुक हुए ग्रामीण.
मझिआंव (गढ़वा): जमीन के एक टुकड़े ने दो सगे भाइयों के बीच ऐसी दीवार खड़ी कर दी थी कि रिश्तों में वर्षों से अपनापन भी खो गया था. विवाद इतना बढ़ा कि मामला मारपीट, थाने में प्राथमिकी और सिविल कोर्ट तक पहुंच गया. दोनों भाइयों के बीच बातचीत तक बंद हो गयी थी. लेकिन प्रशासन की पहल ने वर्षों की कड़वाहट को एक भावुक पल में बदल दिया. छोटे भाई ने बड़े भाई के पैर छुए, तो बड़े ने उसे 'बाबू' कहकर गले लगा लिया. दोनों भाइयों के इस मिलन को देखकर वहां मौजूद ग्रामीण भी भावुक हो गये. लोगों ने इस दृश्य को रामायण के प्रसंग जैसा बताया.
जमीन विवाद में थाने से लेकर सिविल कोर्ट तक पहुंचा था मामला
बरडीहा निवासी अशोक साहू और करण साहू के बीच गैरमजरुआ और रैयती जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. जमीन का झगड़ा धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच मारपीट की नौबत आ गयी. मामला थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के साथ सिविल कोर्ट तक पहुंच गया. विवाद के कारण दोनों भाइयों के बीच बातचीत पूरी तरह बंद हो गयी थी. एक भाई का घर भी महीनों से बंद पड़ा था. थाने के स्तर पर विवाद सुलझाने के कई प्रयास किये गये, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.
ये भी पढ़ें: Garhwa Nagar Parishad: पाइपलाइन बिछाना भूला नगर परिषद, सड़क बनने के बाद होगी खुदाई
बीडीओ की पहल पर बनी सहमति, पंचनामा के बाद गले मिले भाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों की मौजूदगी में विशेष बैठक आयोजित की गयी. बैठक में दोनों पक्षों की बातें सुनी गयीं और बातचीत के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया गया. प्रशासन की संवेदनशील पहल और ग्रामीणों के सहयोग से आखिरकार दोनों भाइयों के बीच सहमति बन गयी. दोनों पक्षों ने लिखित पंचनामा के माध्यम से विवाद समाप्त करने पर सहमति जतायी. इसके बाद जो दृश्य सामने आया, उसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल छू लिया. छोटे भाई ने बड़े भाई के पैर छुए, तो बड़े भाई ने उसे 'बाबू' कहकर गले से लगा लिया. वर्षों से दूर रहे दोनों भाइयों को एक-दूसरे के गले मिलते देख ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना की.
बीडीओ ने पैदल भ्रमण कर जानीं क्षेत्र की समस्याएं
भाइयों के बीच विवाद सुलझाने के बाद बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान बालिका आवासीय विद्यालय मैदान में होमगार्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की. उन्होंने युवाओं को 1600 मीटर दौड़ की तैयारी के लिए जरूरी टिप्स दिये. वहीं, मैदान में फुटबॉल खेल रहे बच्चों ने मैदान के गड्ढों को भरवाने की मांग की. इस पर बीडीओ ने मुखिया को दो ट्रैक्टर मिट्टी गिरवाकर मैदान को समतल कराने का निर्देश दिया. मैदान पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति ने उसी दिन झोपड़ी हटाने पर सहमति जतायी. साथ ही छठ पूजा के बाद मैदान के किनारे सड़क निर्माण का काम शुरू कराने का निर्देश दिया गया.
मुसहर टोली में खराब चापाकल की होगी मरम्मत
भ्रमण के दौरान मुसहर टोली में महीनों से खराब पड़े चापाकल की शिकायत भी सामने आयी. इस पर बीडीओ ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचइडी) के अधिकारियों से बात कर तत्काल चापाकल की मरम्मत कराने का निर्देश दिया. वहीं, रास्ते की समस्या को लेकर मापी कराने और आपसी सहमति से आवागमन के लिए मार्ग निकालने को कहा.
ये भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का फैसला: 3 मैकेनिकल इंजीनियरों को 6 साल पुरानी तारीख से मिलेगा प्रमोशन
नाली और जलजमाव पर जतायी नाराजगी
बाजार क्षेत्र में नाली तोड़कर उसे ऊंचा करने और जलजमाव की शिकायत पर बीडीओ ने मौके पर पहुंचकर नाली की गहराई की मापी करायी. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि छठ पूजा के बाद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जेसीबी से उसे हटाने के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. बीडीओ ने ग्रामीणों को जलजमाव से होने वाली परेशानियों के प्रति भी जागरूक किया.
उन्होंने बताया कि गंदे पानी के जमाव से मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और फाइलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखना जरूरी है. इस दौरान थाना प्रभारी राहुल सिंह, मुखिया पति वशिष्ठ पासवान, गोरख पासवान, इंजीनियर अनिल प्रजापति, अंचल अमीन अमलेश यादव, विकास कुमार, पूर्व प्रमुख सहित करीब 200 से 250 ग्रामीण उपस्थित थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए