Garhwa Nagar Parishad: पाइपलाइन बिछाना भूला नगर परिषद, सड़क बनने के बाद होगी खुदाई

विज्ञापन

पाइपलाइन बिछाने के लिए फिर होगी सड़क की खुदाई

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गढ़वा में सड़क निर्माण के बीच नगर परिषद पाइपलाइन बिछाना भूली. अब लाखों की लागत वाली नई सड़क की दोबारा खुदाई का खतरा मंडरा रहा है, जिससे सरकारी राशि बर्बाद होगी.

विज्ञापन

गढ़वा. गढ़वा शहर के मुख्य पथ के निर्माण कार्य में एक बड़ी लापरवाही सामने आयी है. सड़क निर्माण का काम काफी हद तक पूरा होने के बाद नगर परिषद को याद आया कि मुख्य पथ के पश्चिमी हिस्से में पानी की पाइपलाइन नहीं बिछायी गयी है. अब नगर परिषद ने पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 19 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया है. लेकिन पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण काम शुरू होने पर असमंजस बना हुआ है. यदि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद राशि उपलब्ध होती है, तो पाइपलाइन बिछाने के लिए नवनिर्मित सड़क की दोबारा खुदाई करनी पड़ेगी. इससे सरकारी राशि की बर्बादी के साथ लोगों को भी परेशानी होगी.

विज्ञापन

पश्चिमी हिस्से में नहीं बिछी पाइपलाइन

गढ़वा शहरी जलापूर्ति योजना के तहत शहर के मुख्य पथ सहित विभिन्न मुहल्लों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गयी है. इसके तहत मुख्य पथ के पूर्वी हिस्से में पाइपलाइन बिछायी गयी है. लेकिन पश्चिमी हिस्से में पाइपलाइन बिछाने का प्रावधान योजना के प्राक्कलन में शामिल नहीं था. इस कारण गोविंद प्लस टू विद्यालय के मुख्य गेट से मझिआंव मोड़ जोड़ा पुल तक पाइपलाइन नहीं बिछायी जा सकी.

स्थानीय लोग काफी समय से इस हिस्से में पाइपलाइन बिछाने की मांग कर रहे हैं, ताकि पश्चिमी हिस्से के घरों तक भी नियमित रूप से पानी पहुंच सके. लेकिन योजना में इसका प्रावधान नहीं होने के कारण यह काम अब तक अधूरा है.

सड़क निर्माण लगभग हुआ पूरा

इधर, पलामू जिले के शंखा से गढ़वा जिले के खजूरी तक स्टेट हाइवे के तहत सड़क निर्माण कराया जा रहा है. इस सड़क का अधिकांश काम पूरा हो चुका है. अब शहर के मुख्य पथ का निर्माण ही शेष है. इसमें गोविंद प्लस टू विद्यालय के गेट से बीपी प्लाजा तक सड़क का कालीकरण भी किया जा चुका है.

इतना काम होने के बाद नगर परिषद ने पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 19 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया है. लेकिन नगर परिषद के पास पर्याप्त राशि नहीं है. ऐसे में राशि की व्यवस्था होने तक सड़क निर्माण पूरा हो जाने की आशंका है. इसके बाद पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई करनी पड़ सकती है.

साढ़े 13 इंच की मुख्य पाइपलाइन से नहीं मिलेगा कनेक्शन

शहरी जलापूर्ति योजना के तहत शहर के पश्चिमी हिस्से से साढ़े 13 इंच मोटाई की मुख्य पाइपलाइन गुजारी गयी है. लेकिन इससे सीधे घरों में पानी का कनेक्शन देने का प्रावधान नहीं है. इसके लिए अलग से पांच इंच मोटी पाइपलाइन बिछायी जानी है. मुख्य पथ के पूर्वी हिस्से में भी पांच इंच की पाइपलाइन बिछायी गयी है, जिससे लोगों को पानी का कनेक्शन दिया गया है. इसी तरह पश्चिमी हिस्से में भी पाइपलाइन बिछाने की जरूरत है.

पांच जगह पाइप क्रॉस कराने के लिए पांच लाख की व्यवस्था

मुख्य पथ के पूर्वी हिस्से से पश्चिमी हिस्से में पानी की पाइपलाइन पहुंचाने के लिए पांच जगह क्रॉसिंग की व्यवस्था की गयी है. इसके लिए अनबद्ध योजना से करीब पांच लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल पांच जगह पाइप क्रॉस कराने से समस्या का समाधान नहीं होगा. घरों तक पानी पहुंचाने के लिए लंबी दूरी तक पाइपलाइन बिछानी पड़ेगी.

400 मीटर हिस्से में नाली का निर्माण भी अधूरा

मुख्य पथ पर केवल पाइपलाइन ही नहीं, बल्कि नाली निर्माण का काम भी अधूरा है. गढ़देवी मंदिर के मुख्य द्वार के सामने पूर्वी हिस्से से जोड़ा पुल तक करीब 400 मीटर लंबी नाली का निर्माण नहीं कराया गया है. करीब तीन साल पहले शहर के मुख्य पथ पर नयी नाली बनायी गयी थी, लेकिन इस हिस्से को छोड़ दिया गया.

वर्तमान में स्टेट हाइवे के तहत कराये जा रहे सड़क निर्माण में भी नाली बनाने का प्रावधान नहीं है. ऐसे में सड़क बनने के बाद नाली निर्माण के लिए दोबारा खुदाई करनी पड़ सकती है. यदि नाली नहीं बनी, तो पुरानी और जर्जर नाली के ध्वस्त होने का भी खतरा है.

वार्ड पार्षद ने एक महीने पहले ही उठाया था मामला

इस समस्या को लेकर नगर परिषद के वार्ड संख्या 10 के पार्षद दीपक कुमार ने करीब एक महीने पहले ही नगर परिषद अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन दिया था. उन्होंने गोविंद प्लस टू विद्यालय से श्री मां गढ़देवी मंदिर के मुख्य द्वार तक सड़क निर्माण के साथ पाइपलाइन बिछाने की मांग की थी.

आवेदन में उन्होंने कहा था कि वार्ड संख्या 10 के इस हिस्से में रहने वाले लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है. इससे स्थानीय निवासियों को रोजाना पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है. उन्होंने आगाह किया था कि पहले सड़क बना दी गयी, तो बाद में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की दोबारा खुदाई करनी पड़ेगी. इससे सरकारी राशि और समय की बर्बादी होगी तथा स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola