ग्रीन और क्लीन गढ़वा प्राथमिक लक्ष्य, जारी होगा हेल्पलाइन नंबर: दौलत

प्रभात खबर के पाठकों से दौलत सोनी का वादा
प्रभात खबर के पाठकों से दौलत सोनी का वादा दौलत का वादा – गढ़वा के सभी 21 वार्डों में लगेगी शिकायत पेटी, समस्या का होगा समाधान – सफाई में अंबिकापुर मॉडल पर होगा काम, बदलेगी शहर की तसवीर – मेदनीनगर के कोयल रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित होगा गढ़वा के दानरो नदी का तट जितेंद्र सिंह, गढ़वा गढ़वा शहर में लगभग 13 वर्षों के बाद नगर की सत्ता में बदलाव हुआ है. इस बदलाव के केंद्र में समाजसेवी आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी रहे. नगर निकाय चुनाव में कई हेवीवेट नेताओं की मौजूदगी के बावजूद दौलत सोनी ने अपने सामाजिक कार्यों से बनाई गई पहचान के दम पर जीत दर्ज की. जीत के बाद उन्होंने प्रभात खबर से बातचीत में कहा कि गढ़वा को ग्रीन और क्लीन शहर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जल्द जारी किया जाएगा. सवास- इस अपार जीत का श्रेय किसे देंगे. दौलत सोनी ने कहा कि इस जीत का पूरा श्रेय गढ़वा नगर परिषद की देवतुल्य जनता को जाता है. जनता ने उन्हें पांच वर्षों के लिए सेवक के रूप में चुना है. उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि गढ़वा नगर परिषद की जनता की जीत है. जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे. सवाल- विकास की प्राथमिकता क्या होगी दौलत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता स्पष्ट है. वे लगातार जनता के संपर्क में रहते हैं और चुनाव परिणाम के बाद भी कई कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं. जनता से संवाद उनकी दिनचर्या का हिस्सा है. शहर के विकास की दिशा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप तय की जायेगी. सवाल- सत्ता परिवर्तन से बढ़ी उम्मीदें, क्या इसे चुनौती मानते हैं दौलत सोनी ने कहा कि जो काम करने का संकल्प रखते हैं, उनके लिए चुनौती जैसा कुछ नहीं होता. वे अकेले नहीं हैं, बल्कि नगर परिषद की पूरी जनता उनके साथ है. इस जिम्मेदारी को वे चुनौती नहीं, बल्कि सेवा का बड़ा अवसर मानते हैं. उनका विश्वास है कि संवाद से समस्याओं का समाधान संभव है. सवाल- गंदगी और सिकुड़ती नदियां बड़ा मुद्दा, क्या है योजना उन्होंने कहा कि ग्रीन गढ़वा, क्लीन गढ़वा उनका स्पष्ट लक्ष्य है. इसके लिए जनसहयोग लिया जायेगा. छठ महापर्व के कारण गढ़वा पूरे झारखंड में प्रसिद्ध है, इसलिए शहर की नदियों का सौंदर्यीकरण कराया जायेगा. मेदनीनगर के कोयल रिवर फ्रंट की तर्ज पर दानरो नदी को भी विकसित करने की योजना है. सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए अंबिकापुर मॉडल को लागू करने का प्रयास किया जाएगा. देश के अन्य सफल नगर निकायों के कार्यों का अध्ययन कर उसी अनुरूप योजनाएं बनायी जायेंगी. सवाल- पद पर आने के बाद प्राथमिकताएं बदलने की धारणा पर क्या कहेंगे उन्होंने कहा कि आमजनों की आशा, आकांक्षा और विश्वास पर खरा उतरना ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है. वे ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे जिससे जनता को निराशा हो. हर मोहल्ले में जाकर लोगों से मिलेंगे. व्हाट्सएप संदेश और फोन के माध्यम से भी उपलब्ध रहेंगे. यदि किसी का फोन नहीं उठा पायेंगे तो कॉल बैक करेंगे. सवाल- स्टार प्रचारकों की मौजूदगी से क्या असर पड़ा दौलत सोनी ने कहा कि जनता पहले ही बदलाव का मन बना चुकी थी. स्टार प्रचारक कुछ घंटों के लिए आते हैं, लेकिन जनता को पांच वर्षों के लिए अपना सेवक चुनना होता है. लोगों ने भाषण सुना, स्वागत किया और फिर अपने सेवक को वोट दिया. सवाल- अफसरशाही के दबाव पर क्या रुख रहेगा उन्होंने कहा कि वे किसी पर कटाक्ष नहीं करना चाहते, लेकिन अफसरों की चापलूसी नहीं करेंगे. जनता के हित सर्वोपरि रहेंगे. अफसरों की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि जनता के हित में योजनाएं लागू की जायेंगी. सवाल- विकास के लिए नया क्या करेंगे गढ़वा नगर परिषद के 21 वार्डों में शिकायत पेटी लगायी जायेगी. लोग अपनी समस्या लिखकर डाल सकेंगे. साप्ताहिक समीक्षा बैठक में इन शिकायतों की समीक्षा होगी. स्थानीय स्तर की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा, जबकि बड़ी समस्याओं को बोर्ड की बैठक में रखा जायेगा. सवाल- डंपिंग यार्ड और सीवरेज सिस्टम पर क्या योजना है उन्होंने स्वीकार किया कि यह बड़ी समस्या है. वर्तमान में डंपिंग यार्ड शहर से काफी दूर है और विवादों में भी है. इस विषय का अध्ययन कर उचित समाधान निकाला जायेगा. फिलहाल इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी. सवाल- नगरवासियों के लिए संदेश दौलत सोनी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बदलाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है. जनता के सहयोग से गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में विकास का सकारात्मक वातावरण तैयार किया जायेगा. उनके दरवाजे आम लोगों के लिए हमेशा खुले रहेंगे. फोन और संदेश के माध्यम से लोग उनसे जुड़ सकते हैं. जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




