दिग्गजों की फौज भी नहीं बचा पायी कंचन का किला

अपने ही वार्ड में पिछड़ी भाजपा समर्थित प्रत्याशी
अपने ही वार्ड में पिछड़ी भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा नगर परिषद के चुनावी नतीजों ने कई सियासी दिग्गजों को चौंका दिया है. सबसे अधिक चौंकाने वाला परिणाम वार्ड नंबर-5, चौधराना बाजार क्षेत्र से सामने आया है. यहां भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद प्रत्याशी कंचन जायसवाल अपने ही वार्ड में तीसरे स्थान पर पहुंच गयीं. इस वार्ड को उनका सबसे सुरक्षित गढ़ माना जा रहा था, लेकिन मतदाताओं के फैसले ने पार्टी की रणनीति को झटका दे दिया है. नगर परिषद के चुनावी समीकरण साधने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी थी. खादी बाजार मैदान में आयोजित जनसभा में खुद पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने भाग लिया था. उन्होंने कंचन जायसवाल के समर्थन में मतदान की अपील की थी. इसके अलावा पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही और विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने भी क्षेत्र में प्रचार किया था. इसके बावजूद परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं आये. नतीजों से स्पष्ट है कि बड़े नेताओं का प्रचार स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशियों के व्यक्तिगत प्रभाव के सामने फीका पड़ गया. वार्ड पांच के आंकड़ें प्रत्याशी प्राप्त मत स्थिति आशीष कुमार सोनी (दौलत सोनी) 393 प्रथम संतोष कुमार केसरी (झामुमो समर्थित) 359 द्वितीय कंचन जायसवाल (भाजपा समर्थित) 265 तृतीय दौलत की धमक व संतोष की सेंधमारी से पिछड़ीं कंचन स्थानीय विश्लेषण के अनुसार, आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी ने 393 मत प्राप्त कर क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ साबित की. वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित संतोष कुमार केसरी ने 359 मत हासिल कर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया. भाजपा के लिए सबसे बड़ा झटका यह रहा कि जिस बूथ से उन्हें सबसे अधिक बढ़त की उम्मीद थी, वहीं अपेक्षित समर्थन नहीं मिला. मतदाताओं ने स्थानीय समीकरणों और उम्मीदवारों की व्यक्तिगत छवि को प्राथमिकता दी, जिससे चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




