गढ़वा में गरीब परिवार का घर टूटा तो आमने-सामने आये भानु और अनंत, सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही और विधायक अनंत प्रताप देव
गढ़वा में न्यायालय के आदेश पर गरीब परिवार का मकान तोड़ा गया, जिसके बाद राजनीतिक घमासान मचा है. भानु प्रताप शाही ने जमीन देने का ऐलान किया है, वहीं विधायक अनंत प्रताप देव ने पलटवार किया है.
गढ़वाः केतार प्रखंड के पाचाडुमर गांव में न्यायालय के आदेश पर गरीब परिवार का मकान तोड़े जाने का मामला अब राजनीतिक तकरार का रूप ले चुका है. करीब 100 वर्षों से वहां रह रहे नाई परिवार के बेघर होने के बाद पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने परिवार को अपने पुश्तैनी जमीन पर 15 से 20 डिसमिल जमीन देने की घोषणा की है. साथ ही उन्होंने भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव पर अधिकारियों पर दबाव बनाकर परिवार का घर तुड़वाने का आरोप लगाया है. दूसरी ओर, विधायक अनंत प्रताप देव ने भानु प्रताप शाही पर राजनीतिक दिखावा करने और पिता-पुत्र पर परिवार को करीब 40 वर्षों तक गुमराह करने का आरोप लगाया है. दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप के बाद मामला और गरमा गया है.
ये भी पढ़ें: बिना वैध कनेक्शन चल रहा था गढ़वा सदर अस्पताल, 20 घंटे तक अंधेरे में रहा नया भवन!
न्यायालय के आदेश पर तोड़े गये थे मकान
दरअसल, शनिवार को पाचाडुमर गांव में सिविल जज जूनियर डिवीजन, अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय नगर ऊंटारी के आदेश पर जमीन की दखल-दिहानी करायी गयी थी. इस दौरान जेसीबी से विवादित जमीन पर बने पक्के और कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया गया. कार्रवाई के बाद समुद्री देवी के परिवार के करीब चार घरों के सदस्य बेघर हो गये. मकान टूटने के दौरान परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों की मदद से घर में रखे राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान बाहर निकाले गये.
भानु ने अनंत पर अधिकारियों को दबाव में लेने का लगाया आरोप
पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाचाडुमर के ठाकुर (नाई) परिवार का करीब 100 वर्षों पुराना आशियाना हेमंत सरकार और विधायक अनंत प्रताप देव के सहयोग से उजाड़ दिया गया. उनके अनुसार, इस कार्रवाई से करीब 40 लोग बेघर हो गये हैं और बारिश के बीच उन्हें प्लास्टिक के नीचे रहने की नौबत आ गयी है.
भानु प्रताप शाही ने दावा किया कि उनके पिता स्वर्गीय हेमेंद्र प्रताप देहाती और वह स्वयं पिछले करीब 25 वर्षों से इस परिवार की मदद करते रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत प्रताप देव के विधायक बनने के बाद अधिकारियों पर दबाव बनाकर गलत रिपोर्ट तैयार करायी गयी और गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलवा दिया गया. उन्होंने दासीपुर में विश्वकर्मा परिवार के मकान पर भी बुलडोजर चलाये जाने का आरोप लगाया. भानु ने कहा कि ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के गरीब परिवारों में भय का माहौल है. उन्होंने प्रभावित ठाकुर परिवार को अपने पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने के लिए 15 से 20 डिसमिल जमीन देने की घोषणा की. साथ ही कहा कि समय आने पर जमींदार मानसिकता वाले विधायक को इसका जवाब मिलेगा.
ये भी पढ़ें: Garhwa: गुलाब देकर वाहन चालकों को समझाये सड़क सुरक्षा के नियम, गोल्डन आवर का बताया महत्व
अनंत प्रताप देव का पलटवार, पिता-पुत्र पर साधा निशाना
भानु प्रताप शाही के आरोपों पर विधायक अनंत प्रताप देव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से पलटवार किया. उन्होंने लोगों को राजनीतिक दिखावे और झूठी हमदर्दी से सावधान रहने की बात कही. अनंत ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री पिता-पुत्र ने करीब 40 वर्षों तक गरीब परिवार को कथित रूप से गुमराह कर अंधेरे में रखा और उनसे सेवा कराते रहे. विधायक ने सवाल उठाया कि जब परिवार के साथ कथित अन्याय हो रहा था, तब ये लोग कहां थे? अब मकान टूटने के बाद घड़ियाली आंसू बहाकर राजनीतिक रोटियां क्यों सेंकी जा रही हैं. उन्होंने गरीबों के नाम पर राजनीति बंद करने की बात कहते हुए लोगों से राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित लोगों से सावधान रहने की अपील की. फिलहाल, पाचाडुमर में मकान तोड़े जाने के बाद प्रभावित परिवार को जमीन देने की घोषणा और दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप से मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए