800 घर, एक ट्रांसफॉर्मर… दुमका में छह माह से बिजली संकट, अब सड़क जाम की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

जाम की चेतावनी देते लोग. | Prabhat Khabar Network

दुमका के सोनवाडंगाल-रसिकपुर में 800 घरों का भार एक ही ट्रांसफॉर्मर पर है, जिससे भीषण गर्मी में लोग बिजली संकट और लो वोल्टेज से परेशान हैं.

विज्ञापन

संवाददाता, दुमका : विद्युत आपूर्ति की समस्या से सोनवाडंगाल और रसिकपुर (नागडीह) के लोग पिछले करीब छह माह से परेशान हैं. मोहल्लेवासियों का कहना है कि एक ही ट्रांसफॉर्मर से करीब 800 घरों में बिजली की आपूर्ति की जा रही है. अत्यधिक लोड के कारण आए दिन बिजली संकट उत्पन्न होता रहता है. लो वोल्टेज और पावर फ्लक्चुएशन की समस्या से उपभोक्ताओं के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

सांसद के हस्तक्षेप के बाद दूर हुआ था संकट, स्थायी समाधान नहीं

स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद मोहल्लेवासियों ने सड़क जाम कर विरोध जताया था. सांसद के हस्तक्षेप के बाद तत्काल बिजली संकट दूर किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका.

इसके बाद विद्युत उपभोक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, कार्यपालक अभियंता और महाप्रबंधक से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था. अधिकारियों ने भी माना था कि संबंधित ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड है.

जून में बदला ट्रांसफॉर्मर, अतिरिक्त अब तक नहीं लगा

मोहल्लेवासियों के अनुसार, विभाग की ओर से ट्रांसफॉर्मर बदलने के साथ एक अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन दिया गया था. जून में खराब ट्रांसफॉर्मर को बदल भी दिया गया, लेकिन अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर अब तक नहीं लगाया गया है. इसके कारण क्षेत्र में बिजली संकट लगातार बना हुआ है.

लोगों का कहना है कि सोनवाडंगाल-रसिकपुर इलाके में लगातार नये बिजली कनेक्शन बढ़ रहे हैं, लेकिन विद्युत आपूर्ति का भार अब भी एक ही ट्रांसफॉर्मर पर है. करीब 800 घरों का भार एक ट्रांसफॉर्मर पर होने के कारण गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है.

छात्रों की पढ़ाई भी हो रही प्रभावित

क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहकर पढ़ाई करते हैं. बार-बार बिजली गुल होने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. वहीं, बिजली संकट से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है.

मोहल्लेवासियों ने बताया कि रविवार रात करीब सात बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गयी थी. सोमवार को भी लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे.

अलग और अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग

मोहल्लेवासियों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब नीचे टोला में अलग ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए और वर्तमान ट्रांसफॉर्मर के पास भी अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था की जाए. इससे विद्युत भार का बंटवारा होगा और उपभोक्ताओं को नियमित बिजली मिल सकेगी.

समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम की चेतावनी

मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई कर अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत संकट का शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो रसिकपुर में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola