गणित मेले में विद्यार्थियों ने दिखाई तार्किक क्षमता:पोस्टर से लेकर मैथ रेस तक में दिखी प्रतिभा

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में पहुंचे डॉ डीएन गोराई और अन्य | Prabhat Khabar Network

दुमका केंद्रीय विद्यालय में गणित मेले का सफल आयोजन. छात्रों ने पोस्टर, मॉडल, क्विज से गणित के प्रति अपनी रुचि और समझ का प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

संवाददाता, दुमका : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दुमका में बुधवार को विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, तार्किक चिंतन, नवाचार और समस्या-समाधान कौशल विकसित करने के उद्देश्य से गणित मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य नीरज आनंद ने किया. सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के पूर्व विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) डी.एन. गोराई विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

गणित के भय से बाहर निकलें विद्यार्थी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. (डॉ.) डी.एन. गोराई ने विद्यार्थियों को गणित के प्रति भय दूर करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि गणित को कठिन मानने की पूर्वधारणा और नियमित अभ्यास की कमी के कारण विद्यार्थियों में गणित-भय पैदा होता है. तर्क, प्रयोग और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से गणित को समझने पर यह विषय सहज और रोचक बन जाता है.

उन्होंने कहा कि गणित केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और दैनिक जीवन के लगभग हर क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है. उनके संबोधन से विद्यार्थियों में गणित के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा.

पोस्टर से लेकर मैथ रेस तक में दिखी प्रतिभा

गणित मेले में पोस्टर मेकिंग, वर्किंग मॉडल, मैथ गेम स्टॉल, मैथमेटिक्स क्विज, सुडोकू चैंपियनशिप, मैथ रेस, मैथमेटिकल आर्ट और रियल-लाइफ मैथमेटिक्स प्रोजेक्ट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. विद्यार्थियों ने कार्यशील मॉडलों, गणितीय खेलों, कलात्मक प्रस्तुतियों और दैनिक जीवन से जुड़े प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और नवाचारी सोच का प्रदर्शन किया.

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को 'करके सीखने' की अवधारणा से जोड़ना और गणितीय अवधारणाओं के व्यावहारिक उपयोग को समझाना था. विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इससे विद्यालय परिसर में पूरे दिन गणितीय गतिविधियों का माहौल बना रहा.

विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. गणित शिक्षक सुबेंदु मंडल के साथ अंकुर कुमार, अखिलेश कुमार एवं अन्य शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

सुबेंदु मंडल ने कहा कि गतिविधि आधारित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी तार्किक, विश्लेषणात्मक और रचनात्मक क्षमता को मजबूत करते हैं.

आगे भी होंगे नवाचार आधारित कार्यक्रम

प्राचार्य नीरज आनंद ने कार्यक्रम की सफलता पर विशिष्ट अतिथि, विद्यार्थियों, शिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालय की अवधारणा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola