चार माह से बंद सोलर वाटर टंकी, 120 पहाड़िया परिवारों पर पेयजल संकट, ग्रामीणों में आक्रोश
वाटर टैंक के पास खड़े ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network
गोपीकांदर में 4 महीने से बंद सोलर टंकी से 120 पहाड़िया परिवारों को पीने के पानी की भारी समस्या हो रही है. ग्रामीण पानी के लिए दूर-दूर भटकने को मजबूर हैं.
गोपीकांदर (दुमका): गोपीकांदर प्रखंड की मुसना पंचायत अंतर्गत बुढ़ीचापड़ प्रधान टोला में पिछले चार महीनों से सोलर आधारित जलापूर्ति टंकी बंद पड़ी हुई है. इसके कारण टोला के 24 घरों में रहने वाले लगभग 120 पहाड़िया परिवार गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे है. ग्रामीणों को रोजाना दूर-दराज के जल स्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक जिंदगी काफी प्रभावित हो रही है.
क्या कहते हैं ग्राम प्रधान
ग्राम प्रधान मालीरानी ने बताया कि सोलर टंकी खराब होने की सूचना कई बार पंचायत की मुखिया संगीता मुर्मू और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और सूखे जैसे हालात में पेयजल की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे है.
ये भी पढ़ें... मनरेगा की 48 योजनाओं की जांच, खामियां मिलीं तो जुर्माने के साथ निपटारा
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि सोलर टंकी बंद रहने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करना दिन-प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है.
क्या कहते हैं विभाग के इंजीनियर
इस संबंध में पीएचईडी विभाग के जूनियर इंजीनियर विवेक मिश्रा ने बताया कि बुढ़ीचापड़ प्रधान टोला का क्षेत्र ड्राई जोन में आ गया है, जिसके कारण जल स्तर काफी नीचे चला गया है. इसी वजह से पुराने बोरिंग से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामसभा आयोजित की गई है और नए बोरिंग की प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.मौके पर बाबूराम देहरी, हेड़िया देहरी, लक्ष्मीरानी, राम देहरी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें... दो पद स्वीकृत, दोनों खाली; एक शिक्षक के भरोसे 38 बच्चों का भविष्य
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए