मसलिया में हर गांव को मॉडल बनाने की तैयारी, शौचालय से कचरा प्रबंधन तक काम तेज करने का निर्देश
बैठक में उपस्थित जलसहिया एवं जेई. | Prabhat Khabar Network
मसलिया प्रखंड के सभी गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। इस बैठक में जलसहियाओं को स्वच्छता, शौचालय निर्माण और जैविक व प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
मसलिया : मसलिया प्रखंड सभागार में शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की विशेष बैठक आयोजित की गयी. बैठक में प्रखंड के सभी गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान सभी जलसहियाओं को अपने-अपने गांवों में स्वच्छता से संबंधित अधूरे कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया गया. इस अवसर पर प्रखंड वॉश समन्वयक प्रेम मुर्मू एवं कनीय अभियंता चंदन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
शौचालय निर्माण और नाडेप-सोकपिट पर जोर
कनीय अभियंता चंदन कुमार ने कहा कि मॉडल गांव के लिए प्रत्येक गांव में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था जरूरी है. जिन लाभुकों का अब तक शौचालय निर्माण नहीं हो पाया है, उन्हें चिह्नित कर शौचालय निर्माण कराने का निर्देश जलसहियाओं को दिया गया. साथ ही जैविक कचरा प्रबंधन के लिए नाडेप तथा सोकपिट का निर्माण कराने पर जोर दिया गया.
प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को लेकर निर्देश
पंचायत स्तर पर प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. जलसहियाओं को ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा प्लास्टिक कचरे को खुले में नहीं फेंकने के लिए प्रेरित करने को कहा गया. गांवों को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया. मौके पर मास्टर ट्रेनर जलसहिया मार्सिला टुडू, रंजन पांडे, मीता दास सहित सभी जलसहिया मौजूद थीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए