दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क पर गड्ढों का जाल, बढ़ा दुर्घटना का खतरा
नागलभंगा में गढ्ढे के पास लगी चेतावानी | Prabhat Khabar Network
दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क की जर्जर हालत से यात्री परेशान. जगह-जगह गड्ढों से दुर्घटना का खतरा बढ़ा. तत्काल मरम्मत की मांग.
प्रतिनिधि, शिकारीपाड़ा : दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन जाने से वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर बने गड्ढे परेशानी का बड़ा कारण बन गए हैं.
आपके शहर में
कई जगह उखड़ चुकी है सड़क की ऊपरी परत
शिकारीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली इस मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खतरनाक हो जाती है. वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाने या वाहन को दूसरी ओर मोड़ने की मजबूरी होती है.
रात में बढ़ जाती है परेशानी
गड्ढों में पानी जमा रहने के कारण रात के समय वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता. इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. वहीं लगातार गड्ढों से होकर गुजरने के कारण वाहनों में टूट-फूट की समस्या भी सामने आ रही है.
कांवरियों और ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग
दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क का इस्तेमाल बासुकिनाथ से तारापीठ जाने वाले कांवरियों के साथ आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में करते हैं. यात्री बस, ट्रक, मालवाहक वाहन और दोपहिया समेत रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मरम्मत नहीं होने से बढ़ता जा रहा गड्ढों का आकार
वाहन चालकों और ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से सड़क की समुचित मरम्मत नहीं होने के कारण गड्ढों का आकार लगातार बढ़ रहा है. अविनाश सोरेन, तापीस मुर्मू समेत अन्य लोगों ने बताया कि बारिश में समस्या और गंभीर हो जाती है. सड़क पर चेतावनी के बावजूद क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है.

तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए