दुमका : किसान के बेटे दिवेश ने JEE Advanced में लहराया परचम, एससी कैटेगरी में 354वीं रैंक 

Updated:
विज्ञापन
JEE Advanced 2026

बेटे दिवेश को लड्डू खिलाती मां और उसके परिवार

JEE Advanced 2026: दुमका के सरैयाहाट प्रखंड के किसान परिवार से आने वाले दिवेश कुमार ने जेई एडवांस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

सरैयाहाट दुमका से कुमार चंद्रकांत की रिपोर्ट 

JEE Advanced 2026: झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड के बरमानियां गांव के एक साधारण किसान परिवार के बेटे ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर आईआईटी एडवांस परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. बरमानियां निवासी संजय दास और चंदा देवी के बेटे दिवेश कुमार ने जेई एडवांस में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक करीब 13100 प्राप्त किया है, वहीं एससी कैटेगरी में 354वीं रैंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता पाई है. यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे गांव और प्रखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है.

जवाहर नवोदय विद्यालय से पूरी की प्रारंभिक शिक्षा

दिवेश कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, हंसडीहा से मैट्रिक तक पूरी की.इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, बंगलौर से की. शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे दिवेश ने सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया.

प्रतिदिन 13 से 14 घंटे तक करते थे पढ़ाई

बताया जाता है कि परीक्षा की तैयारी के दौरान दिवेश प्रतिदिन लगभग 13 से 14 घंटे तक नियमित रूप से अध्ययन करते थे. उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य व्यर्थ के कामों से दूरी बनाकर पूरी तरह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा. उनके इस कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास का ही परिणाम है कि आज उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता हासिल की है. 

किसान पिता ने हर परिस्थिति में दिया साथ

दिवेश के पिता एक साधारण किसान हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं रही, इसके बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. माता-पिता के त्याग और प्रोत्साहन ने दिवेश को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. परिवार में दो भाई हैं, जिनमें दिवेश की इस सफलता ने पूरे परिवार में खुशी का माहौल बना दिया है.

दिवेश की सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी प्रेरणा

गांव के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है .दिवेश की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: गोड्डा : विश्वासखानी में शुद्ध पेयजल प्लांट की सौगात, ग्रामीणों में खुशी की लहर

यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Priya Gupta

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola