सिंचाई का तार काट ले गये चोर, मसलिया में किसानों के खेतों की बिजली ठप
चोरी के बाद मौके पर लगा बिजली पोल | Prabhat Khabar Network
मसलिया में अज्ञात चोरों ने 400 मीटर बिजली का तार चोरी कर लिया, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है. बिजली विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है.
मसलिया : मसलिया प्रखंड क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए बिछाये गये करीब 14 पोल के केबल तार की चोरी कर ली. घटना बीती रात की बतायी जा रही है. तार चोरी होने से रानीघाघर शिव मंदिर से ओझाडीह टोला तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी है. इससे क्षेत्र के किसानों के सामने खेतों की सिंचाई को लेकर संकट उत्पन्न हो गया है.
आपके शहर में

400 मीटर केबल काटकर ले गये चोर
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की ओर से किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए रानीघाघर शिव मंदिर से ओझाडीह टोला तक बिजली कनेक्शन किया गया था. इस कनेक्शन के माध्यम से आसपास के किसान बिजली का उपयोग कर खेतों में सिंचाई कर रहे थे. अज्ञात चोरों ने रात के दौरान करीब 400 मीटर केबल तार काटकर चोरी कर लिया.
सिंचाई प्रभावित होने से किसानों की बढ़ी चिंता
सुबह जब किसानों को तार चोरी होने की जानकारी मिली, तो उनकी चिंता बढ़ गयी. किसानों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित होगा. वर्तमान समय में फसलों को सिंचाई की आवश्यकता है. ऐसे में समय पर सिंचाई नहीं होने पर फसल उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है.
बिजली विभाग ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के जेई नितेश कुमार एवं अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया तथा चोरी के कारण विभाग को हुई क्षति का आकलन किया. विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है.
पहले भी हो चुकी है तार चोरी
मसलिया क्षेत्र में बिजली तार चोरी की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले करीब एक माह पूर्व लारजोरिया से नवासार तक लगभग 12 पोल का रबिट तार अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था. वहीं, तुड़का गांव में भी 14 पोल का एलटी तार चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है.
लगातार बिजली तार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों एवं किसानों में चिंता बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा चोरी हुए तार की जगह जल्द नया तार लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए