जरमुंडी में मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदला, खाते से चार बार में 33,500 रुपये उड़ाये
AI-generated काल्पनिक तस्वीर
जरमुंडी में मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर 33,500 रुपये की ठगी की गई. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. जरमुंडी थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है. मदद के बहाने एक अज्ञात युवक ने एटीएम कार्ड बदल लिया और पीड़ित के बैंक खाते से चार बार में कुल 33,500 रुपये की निकासी कर ली. ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने जरमुंडी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
मदद के बहाने बदला एटीएम कार्ड
शिकायत के अनुसार, सहारा गांव निवासी अजय कुमार मंडल 18 नवंबर 2026 को दिन के करीब 4:08 बजे एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान करीब 30 वर्ष का एक युवक वहां पहुंचा और एटीएम से रुपये नहीं निकलने की बात कहकर मदद की पेशकश की. आरोप है कि युवक ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड लिया और उसे साफ करने का नाटक करने लगा. इसी क्रम में उसने चालाकी से असली कार्ड बदलकर उसी जैसा दूसरा कार्ड अजय कुमार मंडल को थमा दिया और मौके से निकल गया.
चार बार में खाते से निकाले 33,500 रुपये
कुछ देर बाद पीड़ित को अपने बैंक खाते से चार बार में कुल 33,500 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्हें कार्ड बदले जाने और ठगी का एहसास हुआ. पीड़ित ने जरमुंडी थाने में आवेदन देकर बताया कि उक्त युवक पहले भी इसी तरह की ठगी की घटना को अंजाम दे चुका है. उन्होंने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इधर, पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी है. आरोपी की पहचान के लिए आसपास के एटीएम केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
