टासरा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, रोहड़ाबांध की 20 एकड़ जमीन पर अधिग्रहण की तैयारी
यह फोटो एआई से बनाई गई है
धनबाद की टासरा ओपन कास्ट परियोजना के लिए रोहड़ाबांध में 20.08 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा. 2361 परिवारों के पुनर्वास की योजना तैयार की गई है.
धनबाद जिले में सेल की टासरा ओपन कास्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ गयी है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी अधिघोषणा के अनुसार झरिया अंचल के रोहड़ाबांध में कुल 20.08 एकड़ यानी 8.126 हेक्टेयर जमीन परियोजना के लिए अर्जित की जायेगी. इसमें 63 रैयतों की जमीन शामिल है.
आपके शहर में
रोहड़ाबांध में 20.08 एकड़ जमीन होगी अर्जित
अधिघोषणा के मुताबिक परियोजना के लिए अर्जित की जाने वाली जमीन रोहड़ाबांध गांव धनबाद जिला के सिंदरी थानांतर्गत स्थित है. कुल 20.08 एकड़ जमीन को परियोजना के लिए आवश्यक बताया गया है. यह अधिघोषणा भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन (आरएंडआर) में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता के अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 19(1) के तहत जारी की गयी है.
2,361 परिवारों के पुनर्व्यवस्थापन का प्रावधान
भूमि अधिग्रहण के कारण पुनर्व्यवस्थापन के लिए संभावित परिवारों की संख्या 2,361 बतायी गयी है. इनके पुनर्व्यवस्थापन के लिए क्षेत्र भी चिह्नित किया गया है. अधिघोषणा में बताया गया है कि पुनर्व्यवस्थापन के लिए बलियापुर अंचल के आसनबनी मौजा में 41.11 एकड़ जमीन चिह्नित की गयी है.
एकमुश्त राशि या मकान का विकल्प
स्वीकृत पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना के तहत प्रभावित परिवारों की हकदारियों की गणना की जायेगी. योजना के अनुसार पात्र लोगों को पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन पैकेज के तहत एकमुश्त राशि अथवा पुनर्वास कॉलोनी में मकान के साथ पुनर्वासन या पुनर्व्यवस्थापन की हकदारी का विकल्प मिल सकता है.
भूमि योजना का कार्यालय में किया जा सकता है निरीक्षण
अधिघोषणा में कहा गया है कि संबंधित भूमि योजना का निरीक्षण जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, धनबाद के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस को किया जा सकता है. भूमि अर्जन की प्रक्रिया संबंधित लोगों की आपत्तियों की सुनवाई और अधिनियम की धारा 15 के तहत निर्धारित जांच के बाद आगे बढ़ायी गयी है. अधिघोषणा उपायुक्त हस्ताक्षरित है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए