नवरात्र से पहले धनबाद की सड़कों का हाल बेहाल, क्या पूजा तक गड्ढों और जलजमाव से मिल पाएगी राहत?

Updated:
विज्ञापन

AI Image

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

धनबाद में नवरात्र और दुर्गापूजा के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन शहर की प्रमुख और वैकल्पिक सड़कें गड्ढों और जलजमाव से भरी हैं. लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले इन समस्याओं का समाधान प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है.

विज्ञापन

धनबाद. नवरात्र और दुर्गापूजा को लेकर कोयलांचल में तैयारियां तेज हो गयी हैं. शहर और आसपास के क्षेत्रों में पूजा पंडाल आकार लेने लगे हैं. पूजा समितियां सजावट, रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मेले की तैयारियों में जुटी हैं. 11 अक्तूबर को कलश स्थापना और 16 अक्तूबर को षष्ठी के साथ पूजा उत्सव का माहौल चरम पर पहुंचने लगेगा. इस दौरान हजारों श्रद्धालु परिवार के साथ विभिन्न पूजा पंडालों और मेलों में पहुंचेंगे. हालांकि, श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियों के बीच शहर की कई प्रमुख और वैकल्पिक सड़कों की खराब स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है.

विज्ञापन

कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों से भरी हैं, जबकि कुछ इलाकों में नालों का पानी सड़क पर बह रहा है. पूजा के दौरान वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने से जाम, दुर्घटना और आवागमन संबंधी समस्याओं की आशंका भी बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें: ​14 हजार फीट की ऊंचाई पर सेना के मानक से आगे निकला यह स्वदेशी ड्रोन, IIT ISM के पूर्व छात्र की बड़ी कामयाबी

प्रमुख मार्गों की हालत चिंताजनक

शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही है. बरमसिया से स्टेशन रोड को जोड़ने वाले लोको टैंक (पंपू तालाब) मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े गड्ढे हैं. यह मार्ग ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल होता है.

डीएस कॉलोनी की सड़क भी बदहाल स्थिति में है. झारखंड मैदान क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. इसी तरह बरमसिया पुल पर हाल में मरम्मत कार्य होने के बावजूद कई स्थानों पर गड्ढे उभर आये हैं.

झरिया पुल और वैकल्पिक मार्गों पर भी समस्या

झरिया पुल, जो शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, वहां भी कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त है. दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाले ट्रैफिक के कारण यहां लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

हरिगोपाल मजूमदार रोड, जिसे एसएसएलएनटी अस्पताल रोड के नाम से भी जाना जाता है, की स्थिति भी बेहतर नहीं है. यह मार्ग मुख्य सड़कों पर दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. वहीं हावड़ा मोटर क्षेत्र की सड़क पर भी जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं.

जलनिकासी की समस्या भी बनी चुनौती

गया पुल क्षेत्र में नाला का पानी सड़क पर बहने की समस्या बनी हुई है. जलजमाव और सड़क क्षति के कारण यहां आवागमन प्रभावित होने की आशंका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पूजा से पहले यदि जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ सकती है.

पूजा से पहले मरम्मत का दावा

पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद ने बताया कि पूर्व में रॉयल्टी से संबंधित कारणों से कई संवेदक टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं ले रहे थे. अब स्थिति में सुधार हुआ है और सड़क मरम्मत के लिए पांच से 10 लाख रुपये तक के छोटे-छोटे टेंडर जारी किये गये हैं.

उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है. विभाग का प्रयास है कि पूजा शुरू होने से पहले शहर की सभी प्रमुख सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाये, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए सड़क मरम्मत, गड्ढों की भराई और जलनिकासी व्यवस्था को समय पर दुरुस्त करना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा साबित होगा.

ये भी पढ़ें: बरवाअड्डा बाजार समिति में आवंटित दुकानों पर उठे सवाल, क्या कब्जेधारियों पर चलेगा प्रशासन का चाबुक?

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola