सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में नेफ्रोलॉजी ओपीडी बंद, किडनी मरीजों की बढ़ी परेशानी
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की फाइल फोटो
धनबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में नेफ्रोलॉजी और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी बंद होने से किडनी और कैंसर मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
एसएनएमएमसीएच के पास बने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा मिलने में परेशानी बढ़ने लगी है. यहां का नेफ्रोलॉजी ओपीडी बंद हो गया है. आयुष्मान योजना के तहत ओपीडी सेवा के लिए नियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ मो आफताब आलम ने अस्पताल में सेवा देना बंद कर दिया है. इससे किडनी संबंधी बीमारी से परेशान मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
आयुष्मान योजना के तहत हुई चिकित्सक की नियुक्ति
जानकारी के अनुसार, आयुष्मान योजना के तहत डॉ मो आफताब आलम की नियुक्ति सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में की गयी थी. वह प्रत्येक शनिवार को ओपीडी में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देते थे. इस दौरान किडनी की बीमारी, गुर्दे की कार्यक्षमता से संबंधित समस्या और अन्य नेफ्रोलॉजी संबंधी परेशानी वाले मरीज इलाज के लिए पहुंचते थे. विशेषज्ञ के सेवा से हटने के बाद फिलहाल ओपीडी का संचालन नहीं हो रहा है.
सर्जिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी भी एक माह से बंद
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी की ओपीडी भी करीब एक माह से बंद है. विभाग से जुड़े चिकित्सक डॉ अली जैद अनवर लंबे समय से छुट्टी पर हैं. उनके अनुपस्थित रहने के कारण ओपीडी का नियमित संचालन प्रभावित है.
विशेषज्ञ परामर्श के लिए अन्य अस्पतालों पर निर्भरता
सर्जिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी में कैंसर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह, बीमारी की स्थिति के आकलन और आगे के उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलती है. ओपीडी बंद रहने से मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए अन्य अस्पतालों पर निर्भर होना पड़ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए