दो कमरों में चल रहा था महेशपुर स्कूल, अब 1.24 करोड़ से बनेगा नया भवन; विधायक शत्रुघ्न महतो ने किया शिलान्यास
स्कूल के भवन का शिलान्यास करते हुए विधायक शत्रुघ्न महतो
15 सालों से भवन की कमी झेल रहे महेशपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय को अब नया भवन मिलने की उम्मीद जगी है. बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने किया शिलान्यास.
15 सालों से भवन की कमी झेल रहे महेशपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय को अब नया भवन मिलने की उम्मीद जगी है. बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने डीएमएफटी मद से बनने वाले नये विद्यालय भवन का शिलान्यास किया.
आपके शहर में
करीब 1.24 करोड़ रु की लागत से भवन का निर्माण कराया जायेगा. जिला प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है.
आठवीं तक की कक्षा लगती है एक कमरे में
भवन के अभाव में पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चे वर्षों से सीमित संसाधनों में पढ़ाई कर रहे हैं. फिलहाल विद्यालय महज दो कमरों में संचालित हो रहा है. एक कमरे में कार्यालय और दूसरे में कक्षाएं चलती हैं. बरसात के दौरान बच्चों और शिक्षकों की परेशानी और बढ़ जाती है.
ये भी पढ़ें: धनबाद में प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 100 बैंक खाते फ्रीज और दर्जनों गिरफ्तार
2012 में परियोजना विस्तार के लिए भवन किया गया ध्वस्त
वर्ष 2012 में बीसीसीएल महेशपुर प्रबंधन ने आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार के लिए विद्यालय भवन को ध्वस्त कर दिया था. इसके बाद मधुबन थाना के पीछे स्थित सीआइएसएफ बैरक में विद्यालय संचालन के लिए दो कमरे उपलब्ध कराये गये.
तब से विद्यालय इसी अस्थायी और सीमित व्यवस्था में चल रहा था. नया भवन बनाने की मांग लगातार उठती रही, लेकिन मामला वर्षों तक लंबित रहा.
मुखिया ने लगातार उठाया मामला
महेशपुर टू की मुखिया संध्या देवी ने विद्यालय की समस्या को लेकर लगातार पत्राचार किया और जिला प्रशासन की बैठकों में भवन निर्माण का मुद्दा उठाया. पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयास के बाद धनबाद डीडीसी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया. इसके बाद डीएमएफटी मद से भवन निर्माण की स्वीकृति मिली.
नये भवन के शिलान्यास से अभिभावकों और ग्रामीणों में खुशी है. लोगों को उम्मीद है कि भवन बनने के बाद बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा.
मौके पर मुखिया संध्या देवी समेत टिंकू प्रसाद, गोविंद तिवारी, हरि साव, डब्लू तिवारी, दिनेश महतो, रिंकू यादव, परमहंस पांडेय, शंकर साव, अजय लाला, राजकुमार शर्मा, जगदीश कर्मकार, चंपा देवी, मनुआ देवी, शांति देवी, रूपा देवी और राजदेव चौहान आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए