टीबी मरीजों को महीनों से नहीं मिली पोषण राशि, प्रचार रथ के लिए तय दर से 10 गुना भुगतान का आरोप
यह फोटो एआई से बनाई गई है
धनबाद में टीबी मरीजों को महीनों से पोषण राशि नहीं मिली, जबकि प्रचार के नाम पर निर्धारित दर से दस गुना अधिक भुगतान का बड़ा घोटाला सामने आया है.
धनबाद जिले में टीबी मरीजों को महीनों से पोषण राशि नहीं मिल रही है, जबकि टीबी उन्मूलन अभियान के प्रचार-प्रसार पर लाखों रु खर्च किये जाने का मामला सामने आया है. जिला यक्ष्मा विभाग के प्रचार रथ के भुगतान में निर्धारित दर से करीब 10 गुना अधिक राशि भुगतान करने का आरोप है.
आपके शहर में
प्रचार में तय दर से दस गुना भुगतान करने का आरोप
विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रचार रथ के लिए करार में 16 रु प्रति किलोमीटर की दर तय थी. इसके विपरीत करीब 165 रु प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करने की बात सामने आयी है. बताया जाता है कि स्वास्थ्य विभाग ने हाल में संबंधित एजेंसी को करीब छह लाख रु का भुगतान किया है. भुगतान के बाद मामले की जांच की मांग उठने लगी है.
एक साल से 550 मरीजों का भुगतान लंबित
दूसरी ओर, सितंबर 2025 से जिले के करीब 550 टीबी मरीजों को 500 रु की मासिक पोषण राशि नहीं मिलने की बात सामने आयी है. राशि के लिए मरीज लगातार विभाग का चक्कर लगा रहे हैं. ऐसे में मरीजों की सहायता राशि लंबित रहने के बीच प्रचार पर बड़ी रकम खर्च किये जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
टेंडर में भी गड़बड़ी का आरोप
विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रचार रथ के टेंडर में तीन एजेंसियों का शामिल होना जरूरी था. आरोप है कि केवल दो एजेंसियों के आने के बाद ही प्रक्रिया पूरी कर दी गयी. दोनों एजेंसियों के एक ही व्यक्ति से जुड़े होने का भी आरोप लगाया गया है.
जिला यक्ष्मा अधिकारी ने बिल पर नहीं किया हस्ताक्षर
भुगतान में गड़बड़ी की आशंका के कारण जिला यक्ष्मा अधिकारी डॉ रेखा नायक ने बिल पर हस्ताक्षर नहीं किया. विभागीय कर्मियों ने भी बिल पर सहमति नहीं दी. मामले में रांची मुख्यालय से मंतव्य मांगा गया है. अब मुख्यालय के जवाब के बाद भुगतान प्रक्रिया और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए